नोएडा (अमन इंडिया ) । सेक्टर 62 स्थित आईएमएस नोएडा में विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच, तार्किक क्षमता, समस्या समाधान एवं निर्णय लेने के कौशल को विकसित करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। केस स्टडी एनालिसिस विषय पर आयोजित कार्यशाला के दौरान बतौर वक्ता एचआर कंसल्टेंट मधुलिका वर्मा ने अपने विचार प्रकट किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को व्यावसायिक परिस्थितियों को समझने, समस्याओं की पहचान करने और प्रभावी समाधान तलाशने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
आईएमएस की डीन मैनेजमेंट डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला में इंटरैक्टिव गतिविधियों, वास्तविक व्यावसायिक उदाहरणों एवं केस स्टडी के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न परिस्थितियों का विश्लेषण करने, अलग-अलग दृष्टिकोणों को समझने और तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रबंधन के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ और विश्लेषणात्मक क्षमता भी बेहद महत्वपूर्ण है।
मधुलिका वर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि केस स्टडी केवल किसी समस्या को समझने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में सोचने, विभिन्न विकल्पों का मूल्यांकन करने और सही निर्णय लेने के लिए तैयार करती है। प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए जरूरी है कि वे किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करें। इससे उन्हें भविष्य में कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी।