नोएडा (अमन इंडिया ) । हुतात्मा दिवस के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जिला गौतम बुद्ध नगर द्वारा गौतम बुद्ध चैरिटेबल ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी सेवा और समर्पण का परिचय दिया।
कार्यक्रम में प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख गौरव प्रताप , जिला मंत्री विवेक राजपूत , जिला सहमंत्री अनीत त्यागी एवं जिला संयोजक बजरंग दल अंकित शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख गौरव प्रताप ने हुतात्मा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रक्तदान के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए समाज और संगठन के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने सेवा, सुरक्षा और संस्कार के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज में मानवता, सहयोग एवं सेवा भावना का संदेश दिया।इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करेंगे।