ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा; NMRC द्वारा दो अन्य मेट्रो विस्तार परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य
नोएडा/ग्रेटर नोएडा (अमन इंडिया) । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 (गौर चौक) तक एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी प्रदान की है।
प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी तथा इसमें पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। ये स्टेशन नोएडा सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 तथा ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 होंगे। लगभग ₹2,390 करोड़ की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बेहतर सार्वजनिक परिवहन की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों का तेजी से विस्तार हुआ है।
इसके अतिरिक्त, एक्वा लाइन के प्रस्तावित विस्तार के अंतर्गत नोएडा सेक्टर-61 पर बनने वाला मेट्रो स्टेशन, DMRC के नोएडा सेक्टर-61 मेट्रो स्टेशन के साथ निर्बाध इंटरचेंज कनेक्टिविटी (Seamless Interchange Connectivity) प्रदान करेगा। इससे नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के निवासियों को दिल्ली के हवाई अड्डे (एयरपोर्ट) एवं प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक आवागमन के लिए सुविधाजनक एवं सुगम मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
इस कॉरिडोर के विस्तार से नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों को मौजूदा एक्वा लाइन नेटवर्क तक सुगम पहुंच प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त, सेक्टर-61 पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के साथ इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होने से दिल्ली एवं NCR के अन्य क्षेत्रों तक आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा। इस परियोजना से प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम होने तथा सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
NMRC की अन्य आगामी मेट्रो विस्तार परियोजनाएं
नव स्वीकृत कॉरिडोर के अतिरिक्त, नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) द्वारा दो अन्य महत्वपूर्ण मेट्रो विस्तार परियोजनाओं पर भी कार्यवाही की जा रही है:
इन दोनों परियोजनाओं के लिए सिविल निर्माण कार्य हेतु ठेकेदार का चयन कर लिया गया है। इन कॉरिडोरों की कुल लंबाई लगभग 15.1 किलोमीटर होगी तथा निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के साथ कनेक्टिविटी और बेहतर होगी तथा बोराकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब सहित प्रमुख परिवहन सुविधाओं के साथ एकीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
सिविल संरचनाओं के डिजाइन के अनुकूलन में नवाचार हेतु NMRC को विशेष पुरस्कार
NMRC की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (UMI) सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में NMRC को सिविल संरचनाओं के डिजाइन के अनुकूलन में नवाचार हेतु विशेष पुरस्कार (Special Award for Innovation in Optimisation of Civil Structural Design) से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार मेट्रो अवसंरचना के विकास में नवीन इंजीनियरिंग समाधानों को अपनाने, सिविल संरचनाओं के डिजाइन के अनुकूलन तथा संसाधनों के कुशल उपयोग की दिशा में NMRC के प्रयासों को मान्यता प्रदान करता है।
नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक मेट्रो कॉरिडोर को मिली मंजूरी तथा अन्य दो मेट्रो विस्तार परियोजनाओं के कार्यान्वयन के साथ NMRC अपने मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इन पहलों से नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं आसपास के NCR क्षेत्रों के लिए एक एकीकृत, सुलभ एवं सतत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करने में मदद मिलेगी।
ये परियोजनाएं न केवल यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी, बल्कि निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने, सड़कों पर यातायात का दबाव घटाने तथा पर्यावरण के अनुकूल सतत शहरी परिवहन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।