नोएडा (अमन इंडिया) । श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी, सेक्टर-46, नोएडा द्वारा रामलीला महोत्सव के शुभारंभ से एक दिन पूर्व सेक्टर-46 स्थित रामलीला मैदान के प्रांगण में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष श्री विपिन अग्रवाल ने की, जबकि मंच का संचालन मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने किया। प्रेस वार्ता में कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कमेटी के अध्यक्ष श्री विपिन अग्रवाल ने बताया कि श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी को रामलीला महोत्सव का आयोजन करते हुए लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं। कोरोना काल के दौरान दो वर्षों तक रामलीला का मंचन नहीं हो पाया था। इस वर्ष कमेटी द्वारा आठवें वर्ष रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री विपिन अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मैदान में लगभग 3,500 से 5,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन एवं नोएडा प्राधिकरण का पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही मेले में आने वाले लोगों के लिए खान-पान की बेहतर व्यवस्था भी की गई है, जिससे परिवार सहित आने वाले दर्शक रामलीला महोत्सव का आनंद ले सकें।
कमेटी के लीला संयोजक श्री कृष्णा स्वामी जी ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला में विशेष प्रसंग के रूप में किन्नर प्रसंग का मंचन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने बताया कि रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका किशन जी निभा रहे हैं, जबकि माता सीता की भूमिका कावेरी गुप्ता निभाएंगी। वहीं, रावण की भूमिका अरविंद शर्मा जी द्वारा निभाई जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन और भी भव्य, भक्तिमय एवं आकर्षक होगा तथा दर्शकों को भगवान श्रीराम की लीलाओं के माध्यम से धर्म, सत्य, त्याग और मर्यादा का संदेश प्राप्त होगा।
कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कमेटी का प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला महोत्सव को सफल बनाया जाए और अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लें।
अंत में कमेटी की ओर से सभी पत्रकार बंधुओं, सहयोगियों, पुलिस प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। कमेटी ने आशा जताई कि इस वर्ष भी सभी के सहयोग से रामलीला महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
उपस्थित मुख्य लोगों में वाइस चेयरमैन राजेंद्र जैन,पूनम सिंह , अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, महासचिव गिरिराज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल , मुख्य संरक्षक आलोक गुप्ता, मुख्य यजमान अशोक गोयल, मुख्य सलाहकार विकास बंसल , लीला संयोजक पंडित कृष्ण स्वामी, मेला प्रमुख संजय गोयल, संगठन मंत्री कार्तिक मिश्रा , मंच संचालक संदीप अग्रवाल, सुरक्षा प्रमुख सुशील कुमार सिंघल, मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव , स्वागत अध्यक्ष रामवीर यादव, सह कोषाध्यक्ष पीयूष गोयल,
जबकि राजनीतिक क्षेत्र से दीपक विग, सत्येंद्र शर्मा, पवन शर्मा, दिनेश यादव ,गौरव सिंघल, मनोज गोयल, बाबूलाल बंसल, वीके राणा ,टी.सी गौङ एसपी जैन, एस सिंगल,तेजेंद्र मलिक, संदीप विरवानी, मनीष सेतिया, मुकेश गुप्ता, प्रसादी लाल सोलंकी, सुभाष शर्मा, राजेंद्र शर्मा,मुख्य रूप से उपस्थित रहे।