फोनरवा की वार्षिक आमसभा सम्पन्न विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति का दावा
नोएडा, 2 अगस्त 2026। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) की वार्षिक आमसभा रविवार को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। आमसभा में विभिन्न सेक्टरों की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने कहा कि फोनरवा नोएडा के सभी आरडब्ल्यूए एवं लाखों नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय के सकारात्मक परिणाम अब शहर में दिखाई देने लगे हैं।
महासचिव के. के. जैन ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी समिति का निर्वाचन 14 दिसंबर 2025 को दो वर्ष के कार्यकाल के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जो सदस्य आरडब्ल्यूए, प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण, नोएडा पुलिस, यूपीपीसीएल तथा अन्य विभागों के सक्रिय सहयोग से संभव हो सकी।
उन्होंने बताया कि शहर की पेयजल व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। पानी की गुणवत्ता एवं उपलब्धता बढ़ाने के लिए आठ रेनवेल पूरी क्षमता से संचालित हैं तथा दो रेनवेलों की मरम्मत का कार्य जारी है। गंगाजल पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से सभी ट्यूबवेलों को भी चरणबद्ध तरीके से सक्रिय किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं नोएडा प्राधिकरण के सभी सर्किलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। आरडब्ल्यूए द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए लगभग 80 प्रतिशत विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा अनेक सेक्टरों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू हो चुके हैं।
बिजली व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कई सेक्टरों में पुराने बिजली के खंभों एवं तारों को बदला गया है, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है, वीसीबी की मरम्मत की गई है तथा भूमिगत विद्युत लाइनों का सुदृढ़ीकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त कई नए विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण तथा मौजूदा उपकेंद्रों के विस्तार का कार्य भी प्रगति पर है।
आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए सेक्टर-34 और सेक्टर-135 में डॉग शेल्टर संचालित किए जा रहे हैं, जबकि सेक्टर-123 में एक-एक हजार क्षमता वाले दो आधुनिक डॉग शेल्टरों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
महासचिव ने बताया कि नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सेक्टर स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। आरडब्ल्यूए के सहयोग से विभिन्न सेक्टरों में साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान चलाए गए हैं। शहर में सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फोनरवा की लंबे समय से उठाई जा रही मांग पर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सिटी बस सेवा भी प्रारंभ कर दी गई है, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
कोषाध्यक्ष पवन यादव ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया।
आमसभा में विभिन्न आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बिजली आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, वर्षा के दौरान जलभराव, सड़क मरम्मत तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। महासचिव के के जैन ने आश्वासन दिया कि जल्दी ही इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी कि जाएगी।
बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री योगेन्द्र शर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फोनरवा भविष्य में भी नोएडा के नागरिकों के हितों की रक्षा तथा शहर के समग्र विकास के लिए पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।