36 वर्षों से समाज सेवा में समर्पित संस्था ने निभाई एक और जिम्मेदारी
नोएडा (अमन इंडिया ) । राजस्थान कल्याण परिषद, नोएडा नोएडा की सबसे पुरानी संस्थाओं में से एक है। लगभग 36-37 वर्ष पूर्व राजस्थान समाज के प्रबुद्ध प्रवासी लोगों द्वारा इस संस्था की स्थापना समाज को अपनी राजस्थानी संस्कृति से जोड़े रखने तथा अपनत्व का वातावरण देने के उद्देश्य से की गई थी। अपने इस उद्देश्य में संस्था आज भी समय की कसौटी पर खरी उतरी है।
संस्था पिछले लंबे समय से समाज हित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय है। स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, बच्चों की प्रतियोगिताएं, भजन संध्याएं तथा कोरोना काल में जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन पैकेट वितरण जैसे अनेक कल्याणकारी कार्य परिषद द्वारा किए जा चुके हैं।
संस्था के संरक्षक महेंद्र शाह ने बताया कि वर्तमान में संस्था का एक चैरिटेबल पॉलीक्लिनिक पिछले 25 वर्षों से सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर के प्रांगण में संचालित है। यहाँ समाज के निम्न आय वर्ग के लोगों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में राजस्थान कल्याण परिषद, नोएडा ने शहर के अंतिम निवास सैक्टर-94 में एक ई-रिक्शा प्रदान किया है। यह ई-रिक्शा अंतिम निवास परिसर के अंदर लकड़ियां ढोने के कार्य में उपयोग किया जाएगा।
परिषद के अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान के लोगों में परोपकार और समाज सेवा की भावना उनके संस्कारों में शामिल है। भारत और विश्व के किसी भी कोने में राजस्थानी समाज ने अपनी अलग पहचान बनाई है। चाहे कोरोना काल हो या कोई अन्य आपदा, राजस्थानी समाज हमेशा समाज सेवा में अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है।परिषद के महासचिव राजीव गुप्ता ने कहा कि राजस्थान कल्याण परिषद भविष्य में भी नोएडा में समाज हित के कार्यों में अपना अमूल्य योगदान देती रहेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों में नोएडा राजस्थान कल्याण परिषद के अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना, संस्था के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक महेंद्र शाह, पवन शर्मा, अनिल अग्रवाल, बाबूलाल पारीक, ओ पी बंसल, विष्णु गोयल, अरविंद बैद, जीवन जैन, विष्णु पारीक, जिसी माहेश्वरी, जिसी पारीक, अरविंद सोनी, राजेश खंडेलवाल , रंजू माथुर, लोकमंच के पवन यादव सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।