नई दिल्ली/मुरादाबाद (अमन इंडिया) । एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (EPCH) द्वारा 13 से 17 अक्टूबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले 62वें आईएचजीएफ दिल्ली फ़ेयर ऑटम 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित करने संबंधी 19 मार्च 2026 के परिपत्र के क्रम में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
काउंसिल की सक्षम प्राधिकारी ने सदस्यों एवं उद्योग जगत से प्राप्त अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 जून 2026 करने का निर्णय लिया है। यह विस्तार विशेष रूप से उन निर्यातकों के लिए राहत लेकर आया है जो समयाभाव के कारण आवेदन नहीं कर पाए थे।
MHEA अध्यक्ष नवेद उर रहमान का वक्तव्य मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (MHEA) के अध्यक्ष नवेद उर रहमान ने EPCH के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा अनेक सदस्यों, विशेषकर छोटे एवं मध्यम निर्यातकों ने आवेदन की तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया था। EPCH द्वारा अंतिम तिथि को 15 जून तक बढ़ाना एक स्वागतयोग्य कदम है। इससे मुरादाबाद के अधिक निर्यातकों को मेले में भाग लेने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र की भागीदारी और भी मजबूत होगी।उन्होंने आगे कहा कि IHGF Delhi Fair भारतीय हस्तशिल्प उद्योग के लिए विश्व स्तर पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है, और अधिक भागीदारी से निर्यात के नए अवसर खुलेंगे।