आँखें हमारे जीवन की रोशनी :डॉ.विवेक शर्मा

 


दिल्ली (अमन इंडिया) । डॉ. विवेक शर्मा संस्थापक श्री हरि आई एंड लेज़र सेंटर ने बताया कि आँखें हमारे जीवन की रोशनी हैं इसलिए उनकी देखभाल हर मौसम और हर मौके पर ज़रूरी है। त्योहारों, खेलकूद या धूल-धुएँ वाले वातावरण में जाते समय सुरक्षात्मक चश्मा अवश्य पहनें। कॉन्टैक्ट लेंस लगाकर रंगों या केमिकल के संपर्क में आने से बचें, क्योंकि छोटे कण लेंस के अंदर फँसकर संक्रमण और कॉर्निया को नुकसान पहुँचा सकते हैं। बाहर से घर लौटने पर आँखों को साफ पानी से हल्के हाथों से धोएँ, पर रगड़ने की गलती बिल्कुल न करें।

यदि आँख में रंग, धूल या कोई कण चला जाए तो तुरंत बहते साफ पानी से 10–15 मिनट तक अच्छी तरह धो लें। जलन या हल्की लालिमा होने पर साधारण लुब्रिकेटिंग ड्रॉप्स इस्तेमाल किए जा सकते हैं, लेकिन बिना विशेषज्ञ की सलाह के स्टेरॉयड या एंटीबायोटिक ड्रॉप न डालें। घरेलू उपायों से स्थिति बिगड़ सकती है।

तेज़ दर्द, लगातार लालिमा, सूजन, धुंधला दिखना, रोशनी में चुभन या अत्यधिक पानी आना जैसे लक्षण दिखें तो देर न करें और तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से जाँच कराएँ। सही समय पर उपचार से बड़ी परेशानी टाली जा सकती है।अपनी आँखों का ख्याल रखें और सुरक्षित रहकर हर खुशी का आनंद लें।