नोएडा (अमन इंडिया ) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन और विन्सम स्टेप्स ने इस बार पारंपरिक मंचीय कार्यक्रमों के बजाय एक अनोखी पहल की। संस्था की टीम ने पार्क में जाकर महिलाओं से सीधे संवाद किया और उन्हें विशेष रूप से तैयार किया गया हैंड वॉश उपहार स्वरूप भेंट किया।
यह हैंड वॉश संस्था के दिव्यांग बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किया गया था, जिसे उन्होंने टीम के मार्गदर्शन में बनाया। इस पहल का उद्देश्य न केवल महिलाओं को सम्मान देना था, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और समाज में समावेशिता का संदेश भी देना था।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वच्छता और हाथ धोने की सही विधि के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विन्सम स्टेप्स की निदेशक पूनम मिश्रा, फिजियोथेरेपिस्ट साक्षी भदोलिया, फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ सुश्मिता भाटी, विशेष शिक्षिका एलीका रावत, एडमिन हेड कृष्णा यादव और अभिनव सिंह उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि समाज की महिलाएँ अपनी मेहनत, समर्पण और संघर्ष से निरंतर आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना और साथ ही दिव्यांग बच्चों की भागीदारी से तैयार सामग्री भेंट करना समाज में समानता, सहयोग और प्रेरणा का संदेश देता है।