नोएडा (अमन इंडिया ) । शहर में बिजली विभाग की प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना से उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं के समाधान हेतु आज यूपीपीसीएल के मुख्य अभियंता संजय जैन के साथ उनके कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधीक्षण अभियंता उमेश यादव (कमर्शियल), विवेक कुमार (टेक्निकल) तथा सभी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर उपस्थित रहे।
बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में पैसे कटने के बावजूद भी घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो रही है।
महासचिव के.के. जैन ने कहा कि नई प्रणाली लागू होने के बाद प्रतिदिन नई समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ताओं की बिजली, भुगतान करने के बावजूद, काट दी जाती है। उन्होंने मांग की कि जब तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक नए स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं तथा किसी भी उपभोक्ता की बिजली आपूर्ति बाधित न की जाए।
इसके अतिरिक्त, सेक्टर-18 में बिल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए केवल एक कार्यालय होने के कारण अत्यधिक भीड़ रहती है, जिससे दूरदराज के सेक्टरों के उपभोक्ताओं को कठिनाई होती है। इस पर अधिक शिकायत निवारण केंद्र खोलने की मांग की गई।
मुख्य अभियंता संजय जैन ने बताया कि नया सिस्टम लागू होने के कारण सर्वर पर अधिक लोड पड़ने से तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हुई थीं, जिससे उपभोक्ता समय पर भुगतान नहीं कर सके और उनकी बिजली आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि सिस्टम में निरंतर सुधार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की नीति के अनुसार पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और कई जिलों में यह प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक सर्वर और सिस्टम पूरी तरह से सुचारू नहीं हो जाते, तब तक नए मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाएगा।
बिजली आपूर्ति काटने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस विषय में प्रबंध निदेशक से चर्चा कर अस्थायी राहत देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, बिल संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु सेक्टर-18 के अतिरिक्त शीघ्र ही एक नया कार्यालय खोला जाएगा।
अधिक बिल आने की शिकायतों पर उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी को शिकायत दर्ज कराई जाए, जिसके बाद चेक मीटर लगाकर जांच की जाएगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से यूपीपीसीएल की आधिकारिक ऐप डाउनलोड करने का अनुरोध किया, जिसमें बिल, भुगतान और शिकायत से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा , महासचिव के के जैन , पवन यादव, विजय कुमार भाटी,अशोक कुमार मिश्रा, देवेंद्र सिंह चौहन , विनोद शर्मा,ओमवीर बंसल, , कोशिंदर यादव, श्रीमती अनीता, सत्यनारायण गोयल, वीरेंद्र सिंह नगरकोटी, राघवेंद्र दुबे, आदि उपस्थित थे।