किसान की आस्था का अनोखा सफर: ट्रैक्टर-ट्रॉली से चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा
नोएडा (अमन इंडिया) । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नोएडा के ग्राम पर्थला खंजरपुर के किसान परिवार से जुड़े सुशील प्रधान एक अनोखी और प्रेरणादायक धार्मिक यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह यात्रा किसी बस, कार या हवाई जहाज से नहीं बल्कि विशेष रूप से मॉडिफाइड ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से की जाएगी। आस्था और परंपरा से जुड़ी यह अनूठी यात्रा रविवार, 15 फरवरी को दोपहर 12 बजे विधिवत रूप से प्रारंभ होगी।
सुशील प्रधान अपने सात साथियों के साथ लगभग सवा दो महीने तक चलने वाली इस धार्मिक यात्रा में देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों तथा चार धाम के दर्शन करेंगे। उनकी यात्रा गुजरात के नागेश्वर मंदिर से आरंभ होकर उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम तक पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान वे सोमनाथ (गुजरात), मल्लिकार्जुन (आंध्र प्रदेश), महाकालेश्वर (उज्जैन), ओंकारेश्वर (मध्य प्रदेश), केदारनाथ (उत्तराखंड), भीमाशंकर (महाराष्ट्र), काशी विश्वनाथ (वाराणसी), त्र्यंबकेश्वर (महाराष्ट्र), वैद्यनाथ (झारखंड), नागेश्वर (गुजरात), रामेश्वरम (तमिलनाडु) और घृष्णेश्वर (महाराष्ट्र) सहित सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथ पुरी और रामेश्वरम चार धाम की यात्रा भी पूरी करेंगे।
इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि पूरा ट्रैक्टर और ट्रॉली विशेष रूप से तैयार किया गया है। ट्रॉली को इस तरह मॉडिफाई किया गया है कि यात्रा के दौरान सभी यात्री उसी में आराम कर सकें। उसमें सोने-बैठने, भोजन बनाने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की गई है, जिससे पूरी टीम सड़क मार्ग से लगातार आगे बढ़ती रहेगी। सुशील प्रधान ने बताया कि सामान्यतः लोग धार्मिक यात्राएं कार या विमान से करते हैं, लेकिन किसान परिवार से होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली उनकी पहचान है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी आस्था को अपनी परंपरा से जोड़ते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से ही चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा करने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया की कोई भी उनकी यात्रा का अपडेट उनकी इंस्टाग्राम आईडी @Sushil Pradhan के जरिए ले सकता है।
महाशिवरात्रि के दिन शुरू होने वाली यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं बल्कि ग्रामीण संस्कृति, सादगी और भारतीय परंपरा की अनूठी मिसाल भी पेश करेगी। गांव के लोगों में इस यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचें।