उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के नोएडा सेंटर का हुआ उद्घाटन



 नोएडा (अमन इंडिया ) । उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के नए प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन मंगलवार को नोएडा सेक्टर-58 में संपन्न हुआ। इस सेंटर की स्थापना उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं एच आर सॉफ्टवेयर के संयुक्त प्रयासों से की गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोपाल कृष्ण अग्रवाल (राष्ट्रीय प्रवक्ता, भाजपा) रहे, जिन्होंने विधिवत फीता काटकर सेंटर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि कौशल विकास आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक एवं तकनीकी कौशल से सशक्त करना समय की मांग है। ऐसे प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘स्किल इंडिया’ जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में कौशल विकास मिशन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र सैकड़ों युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में श्री रवि प्रजापति, श्री पुनीत अग्रवाल, श्री हिदायत अली, निखिल कुमार (संयोजक भाजपा गाजियाबाद), सौरभ शर्मा, वारिस खान, नसीम, आशीष, राज कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।