आईएमएस में एंटरप्रन्योरशिप वर्कशॉप का आयोजन


नोएडा (अमन इंडिया) । सेक्टर 62 स्थित आईएमएस नोएडा में उद्यमिता पखवाड़ा के अंतर्गत एंटरप्रन्योरशिप वर्कशॉप का आयोजन हुआ। मंगलवार को कार्यक्रम के दौरान बतौर वक्ता एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई अहमदाबाद) के एसोसिएट प्रोफेसर गोपाल कुमार रॉय एवं डॉ. राजीव शर्मा ने अपने विचार प्रकट किए। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों में उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना और उन्हें नवाचार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है।


कार्यशाला के दौरान प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को नवाचारपूर्ण सोच विकसित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की दिशा में प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को प्रज्वलित करते हैं, जिससे वे भविष्य में रोजगार पाने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन सकें।


वहीं डीन (एकेडेमिक्स) प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग नवाचार और उद्यमिता का है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाकर अपनी उद्यमशील क्षमताओं को पहचानें, नए विचारों पर कार्य करें और उन्हें वास्तविक स्वरूप देने का साहस दिखाएं। प्रो. सक्सेना ने कहा कि प्रत्येक छात्र के भीतर एक संभावित उद्यमी छिपा होता है, जिसे सही दिशा और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। ऐसे आयोजन छात्रों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की प्रेरणा देते हैं।


कार्यक्रम के दौरान ईडीआईआई अहमदाबाद के एसोसिएट प्रोफेसर श्री गोपाल कुमार रॉय एवं डॉ. राजीव शर्मा ने छात्रों के साथ अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। दोनों वक्ताओं ने छात्रों को सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक गुणों, योजनाओं, रणनीतियों और व्यावहारिक अनुभवों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सोच और दृष्टिकोण है, जो व्यक्ति को चुनौतियों को अवसरों में बदलने की क्षमता प्रदान करता है। वक्ताओं ने छात्रों को जोखिम उठाने, नवाचार अपनाने, टीम वर्क और निरंतर सीखने जैसे गुणों को अपने जीवन में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने सफल उद्यमियों के उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया कि दृढ़ निश्चय और सही दिशा में प्रयास से कोई भी छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है।