एक्वा लाइन विस्तार परियोजनाओं हेतु विस्तृत डिज़ाइन सलाहकार नियुक्ति पर एनएमआरसी की प्री-बिड बैठक


नोएडा (अमन इंडिया) । नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) द्वारा प्रस्तावित एक्वा लाइन विस्तार परियोजनाओं के लिए विस्तृत डिज़ाइन सलाहकार (डीडीसी) की नियुक्ति को लेकर आज प्री-बिड बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एनएमआरसी मुख्यालय में कार्यकारी निदेशक श्री महेंद्र प्रसाद (आईएएस) की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 10 से अधिक प्रतिष्ठित डिज़ाइन कंसल्टेंसी एजेंसियों ने हिस्सा लिया।


एनएमआरसी ने 18 अगस्त 2025 को ई-टेंडर आमंत्रित किए थे, जिसके अंतर्गत नोएडा सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-V, सेक्टर-142 से बोटैनिकल गार्डन और डिपो स्टेशन से बोराकी तक विस्तार कॉरिडोर के डिज़ाइन कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही मौजूदा डिपो और रिसीविंग सब-स्टेशन (आरएसएस) से संबंधित कार्यों का भी प्रावधान है।


डीडीसी का चयन परियोजना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके अंतर्गत सिविल, आर्किटेक्चरल व इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल कार्यों सहित ट्रैक्शन कार्यों के डिज़ाइन तैयार किए जाएंगे। साथ ही यह अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करेगा और परियोजना को समय पर तथा लागत प्रभावी ढंग से पूरा कराने में सहयोग देगा।

बैठक के दौरान एजेंसियों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का समाधान किया गया। इस टेंडर की तकनीकी बोली सितंबर माह के भीतर खोली जाएगी। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड