फेलिक्स हॉस्पिटल में धूमधाम से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस



नोएडा (अमन इंडिया) । सेक्टर 137 स्थित नोएडा और गामा 1 ग्रेटर नोएडा के फेलिक्स हॉस्पिटल में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इस मौके पर अस्पताल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता ने संविधान और इसके महत्व पर अपना विचार साझा किया। डॉ. डीके गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा हमारे संविधान ने हमें न केवल अधिकार दिए हैं, बल्कि कर्तव्यों की भी याद दिलाई है। यह दिवस हमें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। आज हमें यह प्रण लेना चाहिए कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे और देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाएंगे। अस्पताल के अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों, स्टाफ और मरीजों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत और नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं के योगदान को याद किया गया। अस्पताल डायरेक्टर डॉ रश्मि गुप्ता ने अपने संबोधन में संविधान निर्माताओं की मेहनत और उनकी दूरदर्शिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे देश की रीढ़ है और यह हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय के अधिकार देता है। यह समय है कि हम इसे और अधिक मजबूती से अपनाएं और अपने देश को एक आदर्श राष्ट्र बनाएं। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। फेलिक्स हॉस्पिटल के इस आयोजन ने न केवल गणतंत्र दिवस की गरिमा को बढ़ाया, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों ने इस आयोजन की सराहना की और इसे यादगार बताया। इस मौके पर मेडिकल डायरेक्टर डॉ सौम्या आहूजा, एवीपी स्ट्रेटजी पायल मौजूद रही।