सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी ने वर्तमान विधायक पंकज सिंह को दी खुली बहस की चुनौती


नोएडा (अमन इंडिया)।




सपा नोएडा से गठबंधन के प्रत्याशी सुनील चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह को नोएडा के विकास को लेकर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल के कार्यकाल में भाजपा विधायक ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है। शहर के सेक्टर से लेकर गांवों की हालत बदतर है। पंकज सिंह का शहर की जनता से कोई सरोकार नहीं है।

सुनील चौधरी ने कहा कि विधायक पंकज सिंह पिछले 5 साल में नोएडा की जनता से किया गया बिल्डर बायर्स का मुद्दा आज भी नहीं सुलझा पाए हैं।शहर के लाखों खरीदार फ्लैट खरीदने के बाद भी रजिस्ट्री के लिए दर-दर भटक रहे हैं रजिस्ट्री न होने के चलते उनके खुद के घर का सपना पूरा नहीं हो पा रहा है।सोसाइटी में मेंटेनेंस के नाम पर बिल्डर मनमानी करने में लगे हैं। मेंटेनेंस चार्ज के रूप में लोगों से मनमाना वसूली की जा रही है। शिकायत करने के बावजूद भी न तो जिला प्रशासन को संज्ञा लेता है और न ही स्थानीय विधायक सांसद जनता की समस्याओं को सुनते हैं। गांव में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से ग्रामीण वंचित हैं। आवाज बुलंद करने पर उन्हें जेल भेजने की धमकी दी जाती है। सपा सरकार बनने पर सभी घरों को फ्री बिजली कनेक्शन के साथ 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी।किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली मिलेगी।कानून व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा की जाएगी। डिग्री कॉलेज बनाने के साथ ही नए स्कूल और अस्पताल बनाए जाएंगे।जिससे शहर की जनता को पढ़ाई और इलाज के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़े। नोएडा विधायक ने शहर में एक भी ऐसा काम नहीं किया जो जनता को यह बता सकें कि इस विकास कार्य के चलते इस बार का चुनाव लड़ रहे हैं। सुनील चौधरी ने सपा महानगर अध्यक्ष दीपक विग की टीम के साथ सेक्टर 19, सेक्टर 26, सेक्टर 27 का दौरा किया।निवासियों ने समर्थन देने की बात कही। आरडब्ल्यूए ने वहीं नगला, भूड़ा, ककराला, अगरबस्ती में सपा ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र यादव की टीम के साथ दौरा किया। वहीं ग्रामीणों ने अबकी सुनील चौधरी को आर्शीवाद देने की बात कही।