भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी को किया अलविदा


नोएडा (अमन इंडिया)। भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर के दो पूर्व पदाधिकारियों सहित कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी को अलविदा कह दिया। भाजपा छोड़ने वाले नेताओं का आरोप है कि भाजपा अपने सिद्धांतों से भटक चुकी है।


 सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिला मंत्री संजीव पुरी ने कहा कि वह झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 1990 से भाजपा से जुड़े हुए थे और विभिन्न आंदोलनों में हिस्सा लिया। वर्तमान में महसूस हो रहा है कि सिद्धांतवादी पार्टी कही जाने वाली भाजपा अपने सिद्धांतों से पूरी तरह भटक चुकी है। कोविड-19 महामारी के दौरान सरकार के द्वारा लोगों को कोई राहत नहीं दी गई। इसके अलावा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है। संजीव पुरी व दिनेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं हो रहा है। पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर कनिष्ठ को वरिष्ठों के ऊपर बैठा दिया गया है। संजीव पुरी व दिनेश यादव ने वर्तमान नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता पर भी तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। पत्रकार वार्ता में संजीव पुरी, दिनेश यादव के साथ-साथ राकेश खन्ना, विवेक मल्होत्रा, हरविंदर सिंह सभरवाल, संजीव गुप्ता, प्रदीप यादव, नीर अवाना, अनिल यादव, सर्वेश सिंह ने भी भाजपा छोड़ने की घोषणा किया।