नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व

 नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व,छठव्रतियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग

नोएडा (अमन इंडिया) ।अखिल भारत हिन्दू महासभा एवं अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना एवं लोक आस्था का महान छठ महापर्व आज नहाय-खाय के साथ प्रारंभ होगा।चार दिवसीय यह पवित्र महापर्व 16 नवंबर,सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य एवं व्रत के पारण के साथ संपन्न होगा।

डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व भारत की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है।यह पर्व भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना के लिए समर्पित है।इसमें छठव्रती अपने परिवार की सुख-समृद्धि,संतान की दीर्घायु,उत्तम स्वास्थ्य,आरोग्य एवं लोककल्याण की कामना करते हुए अत्यंत श्रद्धा,निष्ठा,पवित्रता एवं अनुशासन के साथ कठिन व्रत रखते हैं।उन्होंने बताया कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं,बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी अनुपम पर्व है।इसमें भगवान सूर्यदेव,जल,पृथ्वी,वायु तथा प्रकृति द्वारा प्रदान किए गए फल,फूल एवं कृषि उत्पादों की पूजा की जाती है।यह पर्व हमें स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण,जल संरक्षण,सामाजिक सद्भाव,पारिवारिक एकता एवं सामूहिक सहयोग का संदेश देता है।

उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के प्रथम दिन नहाय-खाय के साथ व्रत का शुभारंभ होगा।इस दिन छठव्रती प्रातःकाल स्नान करके घर एवं पूजा स्थल की साफ-सफाई करेंगे।इसके बाद शुद्ध एवं सात्विक भोजन ग्रहण कर छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव की आराधना का संकल्प लेंगे।इस दिन विशेष रूप से कद्दू-भात,चने की दाल आदि का प्रसाद तैयार किया जाता है।भोजन बनाने में शुद्धता एवं पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

14 नवंबर,शनिवार को दूसरे दिन छठव्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगे।शाम को स्नान एवं पूजा-अर्चना के उपरांत गुड़ एवं चावल से बनी खीर,रोटी आदि का प्रसाद ग्रहण करेंगे।इस धार्मिक अनुष्ठान को खरना अथवा लोहंडा कहा जाता है।खरना के प्रसाद को परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाता है। इसके उपरांत छठव्रतियों का लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ हो जाएगा,जो अगले दिन उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद पूर्ण होगा।

15 नवंबर,रविवार को तीसरे दिन छठव्रती एवं उनके परिजन पूजा के लिए विशेष प्रसाद तैयार करेंगे।इसमें गेहूं के आटे से बने ठेकुआ,चावल के लड्डू,फल,नारियल,गन्ना,केला,नींबू,अदरक,डाभ,सूथनी,संतरा,सेब,केला,अमरूद,सिंघाड़ा,मूली एवं अन्य मौसमी फल-सब्जियां शामिल होंगी। इन सभी पूजन सामग्रियों को बांस की टोकरी एवं सूप में सजाया जाएगा।शाम को छठव्रती अपने परिजनों एवं श्रद्धालुओं के साथ छठ घाटों पर पहुंचेंगे।वहां जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को जल एवं दूध से अर्घ्य अर्पित करेंगे तथा छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि,संतान की दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना करेंगे।

16 नवंबर,सोमवार को चौथे एवं अंतिम दिन प्रातःकाल सभी छठव्रती पुनः छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे।पूजा-अर्चना एवं छठी मैया की वंदना के उपरांत लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।इसके बाद छठव्रती पारण करेंगे तथा परिवारजनों,पड़ोसियों एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि छठ व्रत अत्यंत कठिन तपस्या एवं अनुशासन का पर्व है।इसमें महिलाएं ही नहीं,बल्कि अनेक पुरुष भी पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ व्रत करते हैं।छठ पूजा में स्वच्छता एवं शुद्धता का विशेष महत्व है।इस पर्व में किसी विशेष पुरोहित अथवा किसी आडंबर की अपेक्षा श्रद्धा,पवित्रता,आत्मसंयम एवं सामूहिक सहभागिता को अधिक महत्व दिया जाता है।उन्होंने कहा कि छठ पूजा से परिवार में सुख-शांति,समृद्धि एवं आपसी प्रेम की भावना मजबूत होती है।यह पर्व समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ता है।छठी मैया की पूजा में जाति,भाषा,क्षेत्र एवं आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता।यही कारण है कि यह महापर्व राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन गया है।

महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि छठ महापर्व के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व को देखते हुए 16 नवंबर को छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए,ताकि पूर्वांचल,बिहार,झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से नोएडा-एनसीआर तथा उत्तरप्रदेश के विभिन्न शहरों में निवास करने वाले लाखों श्रद्धालु अपने परिवार के साथ इस महापर्व को श्रद्धापूर्वक मना सकें।डॉ॰मुन्ना कुमार शर्मा ने सभी देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से प्रार्थना की कि वे सभी के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि,उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली प्रदान करें तथा देश में एकता,सद्भाव एवं समृद्धि का वातावरण बनाए रखें।