पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आगामी छठ पर्व को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई

 


गौतमबुद्धनगर (अमन इंडिया ) । पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर  लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह द्वारा सेन्ट्रल जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) एवं थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान छठ पूजा के दृष्टिगत की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं, पूजा स्थलों एवं घाटों पर पुलिस प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में छठ पूजा स्थलों एवं घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का पूर्व में ही जायजा लें तथा आयोजकों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी एवं यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय, सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।