फ़ोनरवा ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठक की माँग की

 जनहित के मुद्दों पर FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करे नोएडा प्राधिकरण


9 अक्टूबर 2025 की बैठक में लिए गए निर्णयों पर भी कार्रवाई नहीं होने पर FONRWA ने जताई नाराजगी


नोएडा (अमन इंडिया) । फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (FONRWA) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर FONRWA की कार्यकारिणी के साथ तत्काल बैठक आयोजित करने की मांग की है।


FONRWA के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले छह माह से अधिक समय से लगातार बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालक अधिकारी से कई बार व्यक्तिगत रूप से भी निवेदन किया गया। उनके निर्देशानुसार FONRWA ने 13 जुलाई 2026 को बैठक का विस्तृत एजेंडा एवं ज्ञापन भी प्राधिकरण को प्रस्तुत किया था।

FONRWA के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि अत्यंत खेद का विषय है कि इतने लंबे समय के बाद भी बैठक की कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि FONRWA द्वारा उठाए गए मुद्दे केवल किसी एक संस्था से संबंधित नहीं हैं, बल्कि नोएडा के लाखों निवासियों से जुड़े जनहित के विषय हैं।


उन्होंने कहा कि FONRWA के ज्ञापन में नागरिक सुविधाओं और विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान के साथ-साथ नोएडा प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी जैसी शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए हैं। ऐसे गंभीर विषयों पर प्राधिकरण और नागरिक प्रतिनिधियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद अत्यंत आवश्यक है।

FONRWA के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि दिनांक 23 जुलाई 2026 को मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फोनरवा

 द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उठाए गए विभिन्न बिंदुओं एवं समस्याओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि फोनरवा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इन मामलों पर आगे की कार्रवाई की जा सके। परंतु इतने समय के बाबजूद कोई भी कार्यवाही नहीं कि गई।

उन्होंने कहा कि 9 अक्टूबर 2025 को नोएडा प्राधिकरण के साथ हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर भी अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बैठकों में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है, ताकि नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान हो सके।


फोनरवा ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मांग की है कि

- फोनरवा की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक की तिथि निर्धारित की जाए।

- 13 जुलाई 2026 को प्रस्तुत ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर संबंधित विभागों की कार्रवाई आख्या उपलब्ध कराई जाए।

- 9 अक्टूबर 2025 की बैठक में लिए गए लंबित निर्णयों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

- नोएडा प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

- भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


महासचिव के.के. जैन ने कहा कि फोनरवा नोएडा के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद के पक्ष में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र बैठक आयोजित कर जनहित के लंबित मामलों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।