ग्राम नलगड़ा के शिव मंदिर में भव्य श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन मंदिर परिसर की भूमि की सुरक्षा का संकल्प
नोएडा (अमन इंडिया ) । ग्राम नलगड़ा, सेक्टर-145 स्थित शिव मंदिर में श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्राम के युवाओं, माताओं एवं बहनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर बजरंग दल के प्रांत सुरक्षा प्रमुख समर सिंह का उत्साहवर्धक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान श्री समर सिंह जी ने बजरंग दल के उद्देश्यों, कार्यपद्धति एवं सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बजरंग दल का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने ग्राम के युवाओं से संगठन से जुड़कर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंदिर परिसर की भूमि की सुरक्षा के लिए ग्रामवासियों को दिया आश्वासन
समर सिंह ने मंदिर परिसर एवं मंदिर की भूमि को लेकर ग्रामवासियों की चिंताओं पर अपनी बात रखते हुए आश्वस्त किया कि विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की भूमि पर किसी भी प्रकार के कथित अवैध कब्जे या भूमि को हड़पने के प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस भूमि की सुरक्षा के लिए संगठन ग्रामवासियों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगा।
उन्होंने मंदिर परिसर की भूमि पर कथित कब्जे या उसे हथियाने की साजिश के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए शासन-प्रशासन से अनुरोध किया कि यदि कोई व्यक्ति अवैध कब्जे अथवा कानून का उल्लंघन करने में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर एवं उसकी भूमि की सुरक्षा ग्रामवासियों की आस्था से जुड़ा विषय है और इस मामले का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए।
प्रमुख कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संपर्क प्रमुख श्री प्रमोद जी, बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित शर्मा, बजरंग दल के जिला गौ रक्षा प्रमुख हैप्पी त्यागी जी, कार्यवाह श्याम सिंह जी सहित अनेक युवा बंधु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, सामाजिक एकता तथा मंदिर परिसर की भूमि की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर सकारात्मक एवं संवैधानिक प्रयास करने का संकल्प लिया ।