आईएमएस नोएडा में रक्तदान शिविर का आयोजन

रक्तदान के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का दिया संदेश


नोएडा (अमन इंडिया ) । नोएडा -62 स्थित आईएमएस नोएडा में रोटरी नोएडा ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं संस्थान के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 111 प्रतिभागियों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, करुणा, संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं नागरिक मूल्यों को विकसित करना तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।


कार्यक्रम का उद्घाटन आईएमएस नोएडा के सलाहकार प्रोफेसर डॉ. जे.के. शर्मा ने किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया और इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं में सामाजिक सरोकार और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। सामुदायिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उन्हें संवेदनशील बनाने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करती है। रक्तदान जैसे कार्यों के माध्यम से विद्यार्थी समाज के लिए प्रत्यक्ष रूप से योगदान दे सकते हैं।


इस अवसर पर आईएमएस नोएडा के डीन–स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. गोविंद प्रसाद गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सामाजिक मूल्यों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहानुभूति, जिम्मेदारी और समाज के प्रति सेवा भावना का विकास करना भी है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी को समझने और उसे व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करती हैं।


वहीं आज के रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। शिविर के आयोजन में स्वयंसेवकों, समन्वयकों एवं रोटरी नोएडा ब्लड बैंक की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।