आयुर्वेद एवं आयुष क्षेत्र को समर्पित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयुष महोत्सव–आयुर महोत्सव 2026 का शुभारंभ: डॉ प्रशांत तिवारी


*आयुर्वेद, शोध और नवाचार का संगम बनेगा राष्ट्रीय आयुष महोत्सव


 *नोएडा में 25 से 27 सितंबर तक आयोजन, 5 हजार से अधिक आयुर्वेद चिकित्सकों के जुटने की उम्मीद



नोएडा (अमन इंडिया ) । आयुर्वेद एवं आयुष क्षेत्र को समर्पित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयुष महोत्सव–आयुर महोत्सव 2026 का शुभारंभ 25 सितंबर से इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो सेंटर, सेक्टर-62, नोएडा में होगा। आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित कर आयोजकों ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।


आयोजकों ने बताया कि 25 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देशभर से 5,000 से अधिक आयुर्वेद चिकित्सकों सहित करीब 25,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव का उद्देश्य आयुर्वेद के ज्ञान, शोध, नवाचार और आधुनिक संभावनाओं को एक व्यापक राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।


महोत्सव का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। वहीं हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश के लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


प्रेसवार्ता में बताया गया कि कार्यक्रम में आयुर्वेद एवं आयुष क्षेत्र से जुड़े चिकित्सक, विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इनमें डाबर इंडिया लिमिटेड के ग्लोबल सीईओ मोहित मल्होत्रा, श्री धूतपापेश्वर लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रंजीत पुराणिक, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय, डॉ. प्रदीप मुल्तानी, महर्षि आयुर्वेदा प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर डॉ. संजय शर्मा और डॉ. संजय श्रीवास्तव सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।


शोध से लेकर उद्योग और वेलनेस तक होंगे कार्यक्रम आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय महोत्सव में आयुर्वेद, शोध, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, उद्योग संवाद, बिजनेस नेटवर्किंग तथा स्वास्थ्य एवं वेलनेस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, आयुर्वेदिक संस्थानों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

राष्ट्रीय आयुष महोत्सव 2026 का आयोजन आयुष एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (AYUSHEXCIL) एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने आमजन से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।