नवरात्रि के अवसर पर संस्कृति, परंपरा और मनोरंजन का संगम प्रस्तुत करने के उद्देश्य से ‘डांडिया धमाल 2026’ का आयोजन नोएडा में


नवरात्रि के रंग में रंगेगा नोएडा, ‘डांडिया धमाल 2026’ में होगा सांस्कृतिक उत्सव


नोएडा (अमन इंडिया) । नवरात्रि के अवसर पर संस्कृति, परंपरा और मनोरंजन का संगम प्रस्तुत करने के उद्देश्य से ‘डांडिया धमाल 2026’ का आयोजन नोएडा में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब, सेक्टर-29 में आयोजकों ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।


आयोजकों ने बताया कि डांडिया धमाल 2026 का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो), सेक्टर-62, नोएडा में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रत्येक दिन शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए प्रवेश शाम 6 बजे से रहेगा। आयोजन में प्रतिदिन करीब 1000 से 1500 लोगों के शामिल होने की संभावना है।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि यह आयोजन पारंपरिक नवरात्रि डांडिया एवं गरबा की थीम पर आधारित होगा। लाइव डांडिया और गरबा नाइट के माध्यम से लोगों को गुजरात एवं देश की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने के साथ परिवार और युवाओं के लिए मनोरंजन का विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा।


*17 अक्टूबर को सपना चौधरी की विशेष प्रस्तुति


आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 17 अक्टूबर 2026 को प्रसिद्ध कलाकार सपना चौधरी की लाइव प्रस्तुति होगी। उनकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और पारंपरिक डांडिया-गरबा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।


*सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर


प्रेसवार्ता में आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन स्थल पर प्रवेश, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की योजना बनाई गई है। 

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित प्रशासन एवं पुलिस विभाग की सहायता ली जाएगी साथ ही महिला एवं पुरुष सुरक्षाकर्मी भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे ।


आयोजकों के अनुसार डांडिया धमाल 2026 का उद्देश्य नवरात्रि की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक आयोजन के स्वरूप में लोगों तक पहुंचाना है। ‘डांस, डिवोशन और कम्युनिटी’ की भावना के साथ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम नोएडा में नवरात्रि उत्सव को एक नया सांस्कृतिक मंच देने की दिशा में आयोजित किया जा रहा है