सांठगांठ कर परिवार के उत्पीड़न का आरोप, न्याय न मिलने पर सीएम कार्यालय पर धरने की चेतावनी
नोएडा (अमन इंडिया) । भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नयागांव निवासी रवि प्रधान खारी की धर्मपत्नी श्रीमती बबीता खारी ने कुछ दबंग लोगों द्वारा सांठगांठ कर उनके परिवार का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बुधवार को नोएडा मीडिया क्लब में पत्रकार वार्ता कर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। बबीता खारी ने आरोप लगाया कि हबीबपुर गांव निवासी शिवराम शर्मा पुलिस के साथ मिलकर गेझा-भंगेल स्थित उनके मार्केट पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि शिवराम शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मार्केट पहुंचकर दुकानदारों को धमकाता है और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी देता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस से सांठगांठ कर उनके पति रवि प्रधान खारी और बच्चों के खिलाफ फेस-2 थाने में फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इससे उनका पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान और भयभीत है। बबीता खारी के अनुसार, मार्केट से संबंधित मामला गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय ने 21 अगस्त 2023 को उनके पक्ष में स्टे ऑर्डर भी जारी किया था। उनका आरोप है कि मामला अदालत में विचाराधीन होने और स्टे आदेश के बावजूद शिवराम शर्मा पुलिस के सहयोग से मार्केट पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने जिला पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। बबीता खारी ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और आरोपी शिवराम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगी।हालांकि, लगाए गए आरोपों पर दूसरे पक्ष और पुलिस की प्रतिक्रिया इस खबर के लिए उपलब्ध नहीं हो सकी है।