फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के संकल्प समारोह जुटी अनेको हस्तिया
• Akram Choudhary
नोएडा (अमन इंडिया ) । फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन की ओर से 12 अगस्त को आयोजित संकल्प समारोह में पंजाबी समाज की एकता, संगठनात्मक शक्ति और सामाजिक सरोकारों की मजबूत तस्वीर देखने को मिली। देशभर से पहुंचे पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने समारोह में भाग लेकर समाज की एकजुटता का संदेश दिया।समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना रहे। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. जगदीश मुखी, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग मौजूद रहे।मदन लाल खुराना के नाम पर सम्मान की शुरुआतसमारोह का प्रमुख आकर्षण ‘मदन लाल खुराना पंजाबी रत्न अवार्ड’ रहा। पंजाबी समाज के गौरव, सामाजिक योगदान, राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति समर्पण को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस सम्मान का पहला पुरस्कार प्रो. जगदीश मुखी को प्रदान किया गया।सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया। समारोह में मौजूद समाज के वरिष्ठ लोगों ने इस पहल को पंजाबी समाज की महान विभूतियों के योगदान को याद करने और नई पीढ़ी को सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करने वाला कदम बताया।फेडरेशन के चीफ पैट्रन सुरेंद्र मेहता, जसविंदर खोक्हर, सतपाल आनंद, सतपाल सचदेवा, अश्विनी छाबड़ा, कमल अरोरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सम्मान की शुरुआत का स्वागत किया। उन्होंने फेडरेशन से इसे प्रत्येक वर्ष जारी रखने का आग्रह किया।समाज की एकता को मजबूत करने का संकल्पफेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता ने कहा कि मदन लाल खुराना पंजाबी समाज के लिए गौरव और प्रेरणा के प्रतीक रहे हैं। उनके नाम पर शुरू किया गया सम्मान समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित करने का माध्यम बनेगा।उन्होंने कहा कि संकल्प समारोह का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाबी समाज को एक मजबूत मंच पर संगठित करना, अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना भी है।कार्यक्रम की सफलता के लिए राष्ट्रीय महासचिव सुनील मेहता और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुभाष जैन ने फेडरेशन की पूरी टीम, पदाधिकारियों, मातृशक्ति, सामाजिक संस्थाओं, सहयोगियों तथा देशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय अदलखा ने पंजाबी समाज को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक शक्ति को रचनात्मक और सामाजिक कार्यों में आगे बढ़ाने के लिए मजबूत संगठनात्मक मंच आवश्यक है।समारोह में सहारनपुर विधायक राजीव गम्बर, आदर्श नगर विधायक राजकुमार भाटिया, विधायक चंद्र शर्मा, राज्य मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष विमला बाथम, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, एनपी सिंह, रवि मिश्रा, अशोक चौहान, नोएडा मीडिया क्लब अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, संजय बाली, त्रिलोक शर्मा, नवीन गुप्ता और टी.एन. गोविल अकरम चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मंच संचालन योगेंद्र चोपड़ा और गगन कोर ने प्रभावशाली एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया। समारोह के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहभागी प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।