प्रेरणा विमर्श-2026 के पोस्टर का विमोचन और होने वाले कार्यकम की जानकारी दी




*प्रेरणा विमर्श-2026 के पोस्टर का विमोचन, 150 से अधिक कार्यकर्ताओं ने बनाई आयोजन की कार्ययोजना


19 सितम्बर को ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन’, 20 सितम्बर को होंगे ‘युवा सोच, नया भारत’ एवं ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ विषयक सत्र


ग्रेटर नोएडा (अमन इंडिया ) । समाज, मीडिया, राष्ट्र और समकालीन विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक विमर्श का मंच ‘प्रेरणा विमर्श’ वर्ष 2020 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ की केंद्रीय भावना के साथ ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ का आयोजन आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा परिसर में किया जाएगा।


आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में वृहद त्रि-सत्रीय योजना बैठक हुई। जिसमें 150 से अधिक कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा विभिन्न सत्रों, आयामों एवं व्यवस्थाओं की कार्ययोजना पर मंथन हुआ।

बैठक के प्रथम सत्र में निर्धारित सत्र संयोजकों ने अपनी सहयोगी टीम, सह-संयोजकों, आयाम संयोजकों एवं टोली सदस्यों का परिचय कराया तथा पंजीकरण एवं सहभागिता की समीक्षा की। द्वितीय सत्र में विभिन्न टोलियों ने पृथक बैठक कर जनसंपर्क, पंजीकरण, प्रचार-प्रसार, मीडिया, डिजिटल प्रचार, अतिथि समन्वय एवं व्यवस्थाओं से संबंधित कार्ययोजना बनाई।


तृतीय सत्र की शुरुआत ‘प्रेरणा विमर्श’ की वर्ष 2020 से अब तक की यात्रा की वीडियो झलकियों से हुई। इसके बाद प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास की अध्यक्षा प्रीति दादू, ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के अध्यक्ष डॉ. अनिल त्यागी, कार्यकारी अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता एवं उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। आयोजन की सफलता के लिए समयबद्ध कार्ययोजना, संगठनात्मक समन्वय एवं व्यापक सामाजिक सहभागिता पर बल दिया गया।


19 सितम्बर को लगभग 1,000 मातृशक्ति की सहभागिता के साथ ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन’ आयोजित होगा। वहीं 20 सितम्बर को प्रातः 10 से 12 बजे तक दो समानांतर विचार-सत्र होंगे। पहले सत्र ‘युवा सोच, नया भारत’ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), तकनीक, डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया, उद्यमिता, कौशल विकास एवं विकसित भारत जैसे विषयों पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ में नारी नेतृत्व, शिक्षा, शोध, विज्ञान, मीडिया, उद्यमिता एवं सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर विमर्श होगा।

दोनों सत्रों के पश्चात 20 सितम्बर को अपराह्न 3 से 5:30 बजे तक सामूहिक समापन समारोह आयोजित होगा। इसमें गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दोनों सत्रों के प्रमुख निष्कर्ष भी साझा किए जाएंगे।इस योजना बैठक में संचालन टोली सहित विभिन्न सत्रों एवं आयामों से जुड़े 150 से अधिक टोली सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के संयोजक श्यामा किशोर सहाय  एवं सचिव मोनिका चौहान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।‘प्रेरणा विमर्श–2026’ का उद्देश्य नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान और राष्ट्र उत्कर्ष की भावना के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सकारात्मक संवाद एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा को सुदृढ़ करनाहै ।