विश्व जैन संगठन ने सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया



सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

नोएडा (अमन इंडिया) । विश्व जैन संगठन, नोएडा शाखा द्वारा श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर-50, नोएडा में सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य एवं प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करना तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोएडा के विधायक श्री पंकज सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में फोनरवा के अध्यक्ष श्री योगेंद्र शर्मा, UPPCL के मुख्य अभियंता श्री संजय जैन तथा समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री पंकज सिंह ने अपने संबोधन में कहा, "बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना समाज और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें बच्चों को अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण देना चाहिए, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ जीवन में भी सफल एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें।" उन्होंने विश्व जैन संगठन की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

विश्व जैन संगठन के अध्यक्ष श्री के. के. जैन ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा, "प्रतिभा का सम्मान करना समाज का दायित्व है। विश्व जैन संगठन प्रत्येक वर्ष मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। हमारा उद्देश्य केवल पुरस्कार प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है। हमें विश्वास है कि आज सम्मानित हुए विद्यार्थी भविष्य में अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। संगठन भविष्य में भी शिक्षा, समाज सेवा एवं युवा प्रेरणा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम में सम्मानित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भी विश्व जैन संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान बच्चों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा का संचार करता है।कार्यक्रम का गरिमामय एवं प्रभावशाली संचालन श्रीमती अंजना जैन द्वारा किया गया।विश्वजैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने मेघावी विद्यार्थियों को बधाई दी।

संगठन के महासचिव श्री दिनेश जैन ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व जैन संगठन शिक्षा, संस्कार एवं समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा तथा भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान हेतु ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर सेक्टर-50 के संरक्षक श्री दिनेश जैन, श्री अरुण जैन, श्री प्रदीप जैन, श्री पवन जैन, श्री सुबोध जैन, अध्यक्ष श्री पंकज जैन, श्री दिनेश जैन, सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुशील जैन, श्री राहुल जैन, सी.एम.ए. श्री पंकज जैन, श्री दीपक जैन, श्री गौरव जैन, श्री राजेश जैन, श्री राकेश जैन, श्री हरीश जैन, श्रीमती मीनू जैन, श्री अनिल जैन ,भूषण शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य, महिलाएँ, युवा एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

समारोह का समापन सभी सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं तथा समाज में शिक्षा, संस्कार, एकता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।