नोएडा में आस्था का महासैलाब इस्कॉन की भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में जुटे दिल्ली-एनसीआर के दिग्गज
नोएडा (अमन इंडिया) । दिल्ली-एनसीआर से सटे नोएडा में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और सनातन आस्था का एक विहंगम दृश्य देखने को मिला। सेक्टर 33 स्थित इस्कॉन (ISKCON) मंदिर द्वारा आयोजित भव्य भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ आज सेक्टर 18 स्थित जीआईपी (GIP) मॉल के सामने से बेहद हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ हुआ। इस विशाल धार्मिक समागम का कुशल संयोजन और जबरदस्त आयोजन मंदिर समिति के उपाध्यक्ष बंसीधर जी द्वारा करवाया गया, जिसमें पूरे शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
झाड़ू लगाकर और नारियल फोड़कर हुआ मंगल शुभारंभ
सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए इस पावन यात्रा का शुभारंभ करने के लिए सभी अतिथियों ने प्रभु जगन्नाथ के रथ के आगे झाड़ू लगाकर मार्ग साफ करने की पवित्र सेवा में सहयोग किया। इसके पश्चात भगवान श्री प्रभु के शुभ हाथों से हरी झंडी दिखाकर यात्रा का विधिवत संचालन शुरू हुआ।
यात्रा के इस मंगल शुभारंभ के अवसर पर मीडिया क्लब नोएडा के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ दिल्ली एनसीआर के चेयरमैन पीयूष द्विवेदी, प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल और विवेक अग्रवाल ने एक साथ मिलकर जोत जलाई तथा नारियल फोड़कर यात्रा को आगे के मार्ग के लिए रवाना किया। जयकार और भक्तिमय जयघोष के साथ इस यात्रा में प्रभु का गुणगान किया गया, जिससे पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति और नागरिक अभिनंदन इस राष्ट्रीय स्तर की रथ यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में वेदव्यास जी और राजीव गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
यात्रा के पावन मंच पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष बंसीधर जी ने उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल और जिला सचिव विवेक गोयल का माला अर्पण कर व पटका पहनाकर भव्य स्वागत व सम्मान किया। उन्होंने सभी सम्मानित अतिथियों को प्रभु का विशेष प्रसाद व भगवान की पवित्र पुस्तक भेंट कर उनका अभिवादन किया।
सुरक्षा और व्यवस्था के बीच ऐतिहासिक आयोजन
जीआईपी मॉल से शुरू होकर यह ऐतिहासिक यात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरी। झांज-मंजीरों की थाप पर झूमते हजारों श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच, आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात और महाप्रसाद वितरण की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी, जिससे यह रथ यात्रा अत्यंत वैभवशाली ढंग से संपन्न हुई।
धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा जय जगन्नाथ के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण
नोएडा में गुरुवार को जगन्नाथ सेवा संघ सेक्टर-34 ने भगवान जगन्नाथ की 21 वीं रथयात्रा निकाली। जगन्नाथ सेवा संघ ने शाम 5 बजे सेक्टर-34 के उदयगिरी अपार्टमेंट स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से इसका आयोजन किया।
फेडरेशन ऑफ़ आरडब्ल्यूए सेक्टर-34 महासचिव धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि यह रथयात्रा हर साल आषाढ़ शुक्ल द्वितीया तिथि को निकाली जाती है। इस दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर निकलते हैं।अब भगवान जगन्नाथ, बलभद्र सुभद्रा 9 दिनों तक मान्यतानुसार अपनी मौसी माँ के घर (सामुदायिक केंद्र सेक्टर-34) में विराजमान रहेंगे। इस दौरान 24 जुलाई तक सामुदायिक केंद्र सेक्टर-34 में श्रीधर गोस्वामी जी महाराज वृंदावन वाले श्रीमद्भागवत कथा व संगीतमयी सत्संग करेंगे। रथ यात्रा में प्रमुख रूप से भीमसेन राउत, धर्मेन्द्र शर्मा, संजय आचार्य, विश्वजीत प्रधान के सी रावत नीरज शर्मा मोहित पुंडीर प्रभाकर पांडेय,उमाकांत जेना, समीर सिंह शिवाशंकर अरुण प्रधान विजय प्रधान रंजित रथ अविनाश राउत आदि सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भारत विकास परिषद नोएडा द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा का भव्य स्वागत एवं सेवा
नोएडा भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा इस्कॉन मंदिर के तत्वावधान में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ जीf की भव्य रथयात्रा का सेक्टर-19, नोएडा स्थित स्वागत स्थल पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर परिषद के सचिव अखिलेश भदौरिया, शाखा सरंक्षक श्री प्रताप मेहता संयोजक सेवा संजय गोयल पदाधिकारियों, डॉ. टीएन गोविल, राजीव अग्रवाल , सीए उमेश बंसल सुनील सेठ, आलोक सिंह, हरी शंकर गुप्ता , राजीव अजमानी, राजीव गोयल, डी के मित्तल, संजय गुप्ता , कुलदीप गुप्ता , ललित सिंघला, सन्तोष बंसल, अमित अग्रवाल, अजय मित्तल, पंकज गोयल, सौरभ अग्रवाल, सीए विकास बंसल, डॉ. आलोक गुप्ता , आदि सदस्यों एवं लवली गुप्ता , एकता सेठ, सविता गोयल , पिंकी अग्रवाल, वीना कुच्छल, आदि मातृशक्ति ने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य रथ का पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सेवकों के लिए शीतल जल, ताजे फल, मिठाई एवं जलजीरा की सेवा की गई। परिषद के सदस्यों ने पूरे सेवा-भाव, अनुशासन एवं समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा कर भारतीय संस्कृति के “नर सेवा ही नारायण सेवा” के आदर्श को चरितार्थ किया।
परिषद के अध्यक्ष श्री संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला महापर्व है। ऐसे पावन अवसर पर सेवा करने का अवसर मिलना भारत विकास परिषद, नोएडा के लिए अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य का विषय है।परिषद ने इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए इस्कॉन मंदिर के समस्त पदाधिकारियों, संतजनों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उत्कृष्ट आयोजन एवं समर्पण की सराहना की।अंत में प्रभु श्री जगन्नाथ जी से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की गई।
स्वर्णक्षेत्र सेक्टर-61 नोएडा में रथयात्रा का आयोजन
नोएडा श्री स्वर्णाक्षेत्र, रॉयल गार्डन एस्टेट, सेक्टर-61 नोएडा में रथयात्रा धूमधाम व भारी उत्साह के साथ मनाई गई। भोर से ही मंदिर परिसर में देवताओं के समक्ष विशेष अनुष्ठान श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न किए गए। सुबह लगभग 8 बजे देवताओं की पाहंदी बीजे शुरू हुई। पहले भगवान सुदर्शन, फिर भगवान बालभद्र, उसके बाद देवी सुभद्रा और अन्त में विश्वेश्वर श्री जगन्नाथ को ढड़ी पाहंडी में भक्तों के साथ रंग-बिरंगी सजाई हुई घोड़े वाली गाड़ी (रथ) पर विराजित किया गया।
लगभग 2,000 ओडिया और गैर-ओडिया भक्त, जो सेक्टर 61, 52, 53 और 33 में निवास करते हैं, पहली बार यहां आयोजित इस रथयात्रा को देखने के लिए जमा हुए। यह कार्यक्रम हिंदू सम्मिलनी समिति, रॉयल गार्डन एस्टेट मंदिर समिति और सामुदायिक विकास समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था, जिसमें आयोजकों और भाग लेने वालों में असामान्य रुचि, अप्रत्याशित उत्साह और अभूतपूर्व उल्लास देखने को मिला। मुख्य आयोजक, समाजसेवी एवं प्रख्यात चार्टर्ड एकाउंटेंट डॉ. मनोरंजन मोहन्टी के सक्रिय और सक्षम मार्गदर्शन में 200 स्वयंसेवकों की मदद से समस्त व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की गई।
मुख्य अतिथि भारत सरकार के भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युञ्जय मोहापात्रा ने परंपरागत छेरापहनरा (घोड़े की गाड़ी के सामने परंपरागत रूप से झाड़ू चलाने का विधि) किया। करीब 8:30 बजे रथ को खींचने की क्रिया प्रारंभ हुई। चारों देवताओं को लेकर घोड़े वाली भव्य गाड़ी समुदायिक केंद्र, सेक्टर-61 की ओर निकली। रास्ते के दोनों ओर सैकड़ों भक्तों को भगवान का दर्शन करते हुए देखना दिल को छू लेने वाला दृष्य था। आयोजकों के अनुसार, देवता आज से नौ दिनों तक मौसीमा मंदिर में विराजमान रहेंगे और बहुदा यात्रा 24 जुलाई को मनाई जाएगी।
सहारनपुर के प्रख्यात प्रवक्ता आचार्य अजय किरण आज से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम को भगवता कथा पढ़ने वाले हैं। डॉ. मनोरंजन मोहन्टी अध्यक्ष हिंदू सम्मिलनी समिति ने बताया कि यहां की बहुदा यात्रा भी 24 जुलाई को पहली बार समान भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस रथयात्रा की कार्यवाही आरम्भ टीवी द्वारा लाइव टेलीकास्ट की गई।