कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि एवं देश की रक्षा कर रहें वीर जवानों व उनके परिवारों का होगा सम्मान
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कार्यक्रम इंदिरा गांधी कला केंद्र सेक्टर 6 नोएडा अथॉरिटी में होगा सायं 4 बजे से
नोएडा (अमन इंडिया ) । वीरता, साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कारगिल युद्ध के अमर शहीदों तथा देश की तीनों सेनाओं के वीर जवानों को समर्पित एक भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कारगिल शहीदों के परिजनों एवं देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि यह आयोजन उन सभी अमर वीरों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ देव स्तुति, कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि तथा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को भी विशेष स्थान दिया गया है, जिसमें लगभग 20 प्रतिशत कार्यक्रम उत्तराखंड की बोली एवं संस्कृति पर आधारित तथा 80 प्रतिशत कार्यक्रम हिंदी भाषा में आयोजित किए जाएंगे।
चौहान ने यह भी जानकारी दी कि आगामी नवंबर माह में महाकौथिग की टीम द्वारा "ईगास का त्योहार" भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियाँ प्रारंभ हो चुकी हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान के साथ आदित्य घिल्डियाल, इंदिरा चौधरी, रेखा चौहान, सुबोध थपलियाल, अजय बिष्ट, हरीश असवाल, सुषमा जोशी, शीला पंत, सुभाष गोसाईं, देवेंद्र सिंह रावत, सुरेंद्र बिष्ट, आई.पी. उनियाल, नीरज रावत, रजनी जोशी, लता रावत, लक्ष्मण रावत, सरोजिनी रावत, रेनू उनियाल , मंजू जोशी, पूजा रावत, अंबिका धस्माना बच्ची राम, , जगत रावत, निर्मला रावत, सरिता सती, बबलू पांडे, रजनी पांडे, सुनीता ध्यान, कैप्टन यशवंत सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस गरिमामय आयोजन में सहभागिता कर देश के अमर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करें तथा उनके परिजनों का सम्मान कर राष्ट्र के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।