विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण एवं जल सेवा शिविर का सफल आयोजन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट (अमन इंडिया) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश, जनपद गौतम बुद्ध नगर द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं जल सेवा शिविर का सफल आयोजन ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राकेश कुमार राठी (जिला मुख्य आयुक्त), पुष्पेंद्र सिंह (जिला सचिव), विजेंद्र सिंह (जिला आयुक्त स्काउट), सुश्री देवकी (जिला आयुक्त गाइड), महकार सिंह (जिला आयुक्त रोवर), धर्मेंद्र शर्मा (जिला आयुक्त एडल्ट रिसोर्स) एवं अरविंद शर्मा (वित्त समिति सदस्य) के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भी स्काउट-गाइड इकाइयों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य किया गया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन एवं राहगीरों की सुविधा हेतु जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शीतल जल वितरित कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। जल सेवा शिविर का उद्घाटन श्री मनोज मोतला, चौकी इंचार्ज एस्टर द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयं भी शिविर में सेवा कार्य करते हुए स्काउट-गाइड के प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालयी छात्रों को इस प्रकार की सेवा भावना से प्रेरित करने की आवश्यकता है तथा स्काउट-गाइड एक ऐसा मंच है जो बच्चों में अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं निस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करता है।
कार्यक्रम का संचालन साधना सिंह (जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड) एवं राहुल मित्तल (जिला संगठन आयुक्त स्काउट) द्वारा किया गया। इस अवसर पर मनमोहन सिंह, वंश शर्मा, ओंकार शर्मा, देवेश, आरुष शर्मा, तरूश, लक्ष्य कसाना, दिव्यांश कसाना एवं तनया खटाना सहित अनेक स्काउट-गाइड सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण एवं जल सेवा कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं स्काउट-गाइड सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान, समाज सेवा तथा जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान एवं जल सेवा शिविर के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश समाज तक पहुँचाया गया।