केंद्रीय सैनिक सेवा विश्राम बोर्ड, नरायणा में दो दिवसीय नवचेतना फाउंडेशन का राष्ट्रीय पूर्व सैनिक समागम सम्पन्न, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश:
नई दिल्ली (अमन इंडिया) । सैनिक सेवा विश्राम गृह नरायणा नई दिल्ली में नवचेतना फाउंडेशन सैनिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में दो दिवसीय पूर्व राष्ट्रीय सैनिक समागम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में देशभर के 24 राज्यों एवं 150 शहरों में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वन्दे मातरम् गान के साथ हुआ। रांची निवासी सुशील कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों का परिचय कराया। आयोजकों युगबल्क शर्मा, इरफान अहमद एवं विनोद त्रिपाठी ने सभी अतिथियों और पूर्व सैनिकों का पुष्पगुच्छ एवं मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि सुदर्शन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की भाषाई, सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक विविधताओं के बावजूद राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी देश को एक सूत्र में बांधे रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए उनका त्याग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
पूर्व सैनिक मेजर संजय मेहरोत्रा ने कहा कि भारतीय सैनिक देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है और भविष्य में भी देते रहेंगे।
भारत भारती के राष्ट्रीय सचिव रुद्रनारायण तिवारी ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि सैनिकों का अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
भारत भारती के उत्तर क्षेत्र प्रभारी इरफान अहमद ने कहा कि संगठन देश के प्रत्येक जिले तक पहुंचकर राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व में बढ़ती अशांति के बीच भारत ही शांति, सह-अस्तित्व और मानवता का संदेश देकर विश्व का मार्गदर्शन कर सकता है। दिल्ली प्रांत के सचिव विनोद कुमार त्रिपाठी ने सरदार पटेल के त्याग, सादगी और राष्ट्र समर्पण का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
समागम में भारत भारती के उत्तर भारत संगठन मंत्री विवेकानंद दीक्षित, अपूर्व पांडे, ईश्वर झा, राजेंद्र सिंह, आनंद त्रिपाठी, जयनारायण सिंह यादव, अशोक बच्चावंदिया, हेमलता राठौर, वरीता नैथानी सहित अनेक पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।दो दिवसीय राष्ट्रीय सैनिक समागम का समापन राष्ट्रगान एवं ‘भारत माता की जय’ के गुंजायमान नारों के साथ हुआ।