देश भर में चर्चा बटोर रही फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' का बुधवार को पत्रकारों के लिए होगा विशेष प्रीमियर
नोएडा (अमन इंडिया) । देश भर में चर्चा का विषय बनी फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' का विशेष प्रीमियर शो बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के पत्रकारों के लिए आयोजित किया जाएगा। इस विशेष स्क्रीनिंग में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है।
फिल्म के निर्देशक ज़ैगम इमाम स्वयं इस विशेष शो में उपस्थित रहेंगे और पत्रकारों के साथ फिल्म की निर्माण यात्रा, इसके सामाजिक सरोकारों तथा पर्दे के पीछे की कहानियों को साझा करेंगे।
यह विशेष शो बुधवार शाम 5 बजे, टीजीआईपी मॉल (TGIP Mall), नोएडा में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों की ओर से मीडिया जगत के सभी सम्मानित प्रतिनिधियों से इस विशेष अवसर पर उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। जैगम इमाम भी पूर्व पत्रकार हैं जो अब मुंबई में सिनेमा निर्माण से जुड़े हुए हैं।
निर्देशक ज़ैगम इमाम ने कहना है कि द नर्मदा स्टोरी जैसी फिल्में बनाने का क्रेडिट उनके पत्रकारीय करियर की देन है। पत्रकारिता ने उनके अंदर जो समझ पैदा कि ये कहानी उसी का फल है। 'द नर्मदा स्टोरी' केवल एक फिल्म नहीं बल्कि न्याय, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारी की कहानी है। यह एक ऐसी महिला अधिकारी की यात्रा है जो तमाम चुनौतियों के बावजूद सच और न्याय के लिए खड़ी रहती है। हमें खुशी है कि पत्रकार समुदाय इस फिल्म को देखने और इसके संदेश को समझने का अवसर प्राप्त करेगा।
फिल्म को देश के विभिन्न हिस्सों में दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। कई समीक्षकों ने इसे "सामाजिक सरोकारों से भरपूर", "जबर्दस्त क्राइम थ्रिलर", "न्याय की आवाज़" और "एक बेहद जरूरी फिल्म" जैसी उपाधियों से नवाजा है। सामाजिक सरोकारों, दमदार अभिनय और प्रभावशाली निर्देशन के कारण फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है। देश के जाने माने दिग्गज कलाकार रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, अश्विनी कालसेकर, जरीना वहाब, अंजलि पाटिल और रीयल आईपीएस ऑफिसर सिमाला प्रसाद की कलाकारी से सजी इस फिल्म में दर्शकों को जनता और पुलिस के बीच एक विशेष संवाद भी देखने को मिलेगा। फिल्म में अपराध, राजनीति, प्रशासन और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त मिश्रण देखने को मिलता है। इसके कथानक में मध्य प्रदेश की संस्कृति, समाज और वहां के लोगों के संघर्षों की झलक भी दिखाई देती है, जो इसे अन्य फिल्मों से अलग पहचान देती है।
आयोजकों का कहना है कि यह स्क्रीनिंग केवल एक फिल्म प्रदर्शन नहीं बल्कि समाज, न्याय और नागरिक जिम्मेदारी पर एक महत्वपूर्ण संवाद की शुरुआत है। पत्रकारों के साथ इस विशेष प्रीमियर के माध्यम से फिल्म के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।