आईएमएस लॉ कॉलेज में आमजन को मिली निशुल्क कानूनी सहायता


नोएडा (अमन इंडिया) । समाज के सभी वर्गों को न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आईएमएस लॉ कॉलेज में फ्री लीगल एड क्लिनिक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान की लीगल एड सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान बतौर विशेषज्ञ सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड अधिवक्ता आदर्श वर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।


आईएमएस लॉ कॉलेज के विभागाध्यक्ष डॉ. अंजुम हसन ने बताया कि सोमवार को सेक्टर-62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को नि:शुल्क कानूनी सलाह प्रदान की गई, जिससे वे अपनी कानूनी समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि “नो फीस, जस्टिस फॉर ऑल” के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम समाज सेवा एवं कानूनी सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। यह पहल समाज में न्याय के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


वहीं कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता आदर्श वर्मा ने अपने अनुभव और विशेषज्ञता के आधार पर लोगों को संवैधानिक, सिविल एवं पब्लिक लॉ से संबंधित मामलों में मार्गदर्शन दिया। फ्री लीगल एड क्लिनिक के अंतर्गत स्थानीय निवासियों को पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद, उपभोक्ता मामलों, श्रम कानून, आपराधिक मामलों सहित अन्य कानूनी मुद्दों पर विस्तार से परामर्श प्रदान किया गया।


आईएमएस लॉ कॉलेज के लीगल एड सोसाइटी के संयोजक डॉ. संतोष सती ने बताया कि यह पहल समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ। प्रतिभागियों ने पारिवारिक कानून, संपत्ति एवं किरायेदारी विवाद, उपभोक्ता संरक्षण, श्रम एवं रोजगार संबंधी मामलों तथा आपराधिक कानून से जुड़े विभिन्न प्रश्न रखे। अधिवक्ता आदर्श वर्मा ने सभी प्रश्नों का धैर्यपूर्वक और विस्तार से समाधान करते हुए व्यावहारिक कानूनी सलाह प्रदान की और उपस्थित लोगों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी उपायों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता मिल सके और समाज में न्याय के प्रति जागरूकता को और सशक्त किया जा सके।