मंडल अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में थाना फेस-1 में एक लिखित शिकायत दी


मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी पर सख्त कार्रवाई की मांग भाजपा युवा मोर्चा ने थाना फेस-1 में सौंपी शिकायत


नोएडा (अमन इंडिया ) । भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में थाना फेस-1, नोएडा में एक लिखित शिकायत सौंपकर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

शिकायत में उल्लेख किया गया कि संजय भाटी पुत्र विजय पाल सिंह भाटी, निवासी ग्राम देवला, थाना सूरजपुर, जनपद गौतमबुद्ध नगर द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के खिलाफ अभद्र, अमर्यादित एवं भड़काऊ टिप्पणियां की गई हैं। इस प्रकार की बयानबाजी न केवल माननीय मुख्यमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि प्रदेश की सामाजिक एवं राजनीतिक शांति व्यवस्था को भी प्रभावित करने वाली है।

मंडल अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, सुशासन एवं विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। ऐसे में कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर प्रदेश का माहौल खराब करने एवं जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की भड़काऊ एवं समाज विरोधी गतिविधियों का दुस्साहस न कर सके।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष आकाश शर्मा के साथ सुनील, संदीप, ऋषभ, प्रभाष, रोहित, विशाल, नसीम, आमिर एवं आसिफ, आयुष, गोलू, सन्नी , सुमित सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।