नोएडा (अमन इंडिया ) । अमेरिका द्वारा 24 तारीख से भारत सहित सभी देशों पर 10% टैरिफ लागू करने के निर्णय ने भारतीय निर्यात उद्योग, विशेषकर हैंडीक्राफ्ट सेक्टर में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। यह टैरिफ 150 दिनों तक लागू रहेगा और कांग्रेस की मंजूरी न मिलने पर स्वतः समाप्त हो जाएगा।
मुरादाबाद जिसे विश्वभर में पीतल नगरी के रूप में जाना जाता है, इस निर्णय से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होने वाले प्रमुख निर्यात केंद्रों में शामिल है। अमेरिका मोरादाबाद के धातु शिल्प, होम डेकोर और गिफ्ट आइटम्स का सबसे बड़ा बाज़ार है।
MHEA के अध्यक्ष नवे़द उर रहमान ने इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा “अमेरिका का यह टैरिफ निर्णय वैश्विक व्यापार संतुलन को प्रभावित करेगा और भारतीय हैंडीक्राफ्ट निर्यातकों के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा करेगा। मुरादाबाद के कारीगरों और निर्यातकों ने हमेशा गुणवत्ता, समयबद्धता और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया है। हम उम्मीद करते हैं कि भारत सरकार इस मुद्दे पर अमेरिका से रचनात्मक संवाद स्थापित करेगी, ताकि हमारे उद्योग पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
उन्होंने आगे कहा “हमें विश्वास है कि यह स्थिति अस्थायी होगी। MHEA अपने सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए लगातार केंद्र सरकार, वाणिज्य मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मोरादाबाद का निर्यात प्रवाह बाधित न हो और कारीगरों की आजीविका सुरक्षित रहे।
MHEA की अपील • भारत सरकार से अनुरोध है कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के साथ उठाया जाए।
• निर्यातकों से अपील है कि वे घबराएँ नहीं और अपने ऑर्डर व शिपमेंट प्लानिंग में आवश्यक सावधानी बरतें।
• MHEA आने वाले दिनों में एक विस्तृत परामर्श बैठक आयोजित करेगा, जिसमें विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं को आमंत्रित किया जाएगा।