नोएडा (अमन इंडिया ) । नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन बी-110ए सेक्टर-6 नोएडा में उद्यमियों ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वार्षिक बजट को देखा एवं उस पर चर्चा की। एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उ०प्र० के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा प्रस्तुत बजट में औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स, एक्सप्रेसवे एवं एयरपोर्ट के विस्तार से उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी और लागत-प्रभावी संचालन का लाभ मिलेगा। राज्य में बड़े निवेश आकर्षित करने तथा नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन के प्रावधान किए गए हैं। सरकार ने लाखों नए रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा है। एमएसएमई एवं वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। एमएसएमई, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग के लिए ₹5,000/- करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों को सशक्त आधार मिलेगा।
टेक्नोलॉजी एवं डेटा सेंटर क्लस्टर राज्य में डेटा सेंटर क्लस्टर और तकनीकी अवसंरचना विकसित करने की घोषणा की गई है, जिससे आईटी एवं डिजिटल उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं विनिर्माण क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और निर्यात क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए नीतिगत समर्थन जारी रखने पर बल दिया गया है।
विपिन कुमार मल्हन ने कहा कि उत्तर प्रदेश का बजट 2026–27 औद्योगिक निवेश, तकनीकी नवाचार, एमएसएमई सशक्तिकरण और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह बजट राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने तथा दीर्घकालिक आर्थिक विकास को गति देने की रणनीति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। यह हमारे लिए प्रसन्नता का विषय है कि माननीय योगी आदित्यनाथ जी की कुशल नीतियों के कारण उ०प्र० का सर्वांगीण विकास हो रहा है और आज का बजट भी उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार को नई ऊँचाइयाँ देने का कार्य करेगा।
चर्चा के दौरान एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन, महासचिव वीके सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कोहली, धर्मवीर शर्मा, उपाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव, सचिव आलोक गुप्ता, विनय नजला, राजन खुराना, राज कुमार गुप्ता के अलावा अजय अग्रवाल सहित कई उद्यमी मौजूद थे।