सेक्टर–34 में श्रीरामकथा से पूर्व भव्य कलश यात्रा का आयोजन


नोएडा (अमन इंडिया) । भारतीय धरोहर के तत्वावधान में 23 फरवरी से आयोजित होने वाली श्रीरामकथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व आज सेक्टर–34, नोएडा में भव्य कलश यात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा निकाली, जिससे पूरा क्षेत्र राममय वातावरण से गूंज उठा।यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और “जय श्रीराम” के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक यात्रा निकाली। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

श्रीरामकथा आयोजन समिति की सुजाता शर्मा  ने बताया कि यह कलश यात्रा श्रीरामकथा के सफल एवं मंगलमय आयोजन की कामना के साथ निकाली गई है। प्रख्यात कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज जी द्वारा श्रीरामकथा के दौरान धर्म, संस्कृति और भारतीय मूल्यों पर आधारित प्रवचन होंगे, जिससे समाज में नैतिक चेतना एवं सांस्कृतिक जागरूकता को बल मिलेगा।

इस अवसर पर आयोजन समिति से जुड़ी शर्मिला शर्मा, सिमरन,अमिता उपाध्याय, नीतू कश्यप, अनीता शर्मा, कमलेश शर्मा, ऋतु उपाध्याय, राजबाला शर्मा, नीतू ढाका, अनीता भट्ट, अनुभा उपाध्याय, पूजा भट्ट सहित गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

भारतीय धरोहर परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं से श्रीरामकथा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।