नोएडा (अमन इंडिया ) । इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में बीबीए के विद्यार्थियों के लिए इंडस्ट्री रेडी वर्कशॉप का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान टाइम्स एजुकेशन के सॉफ्ट स्किल ट्रेनर गगन विरमानी ने अपने विचार प्रकट किए। वहीं संस्थान द्वारा आयोजित इस वर्कशॉप के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने छात्रों को कैरियर निर्माण, रिज़्यूमे की तैयारी, ग्रुप डिस्कशन तथा पर्सनल इंटरव्यू की बारीकियां समझाई।
कार्यक्रम के दौरान आईएमएस नोएडा के वाइस प्रसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी समय में छात्रों का इंडस्ट्री-रेडी होना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी संगठन में अवसर प्राप्त करने के लिए केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास, संचार क्षमता और वास्तविक कार्यस्थल की समझ भी जरूरी है। वहीं संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी कोशिश है कि कॉरपोरेट वर्ल्ड की मांगों के अनुरूप छात्रों में वे सभी कौशल विकसित किए जाएं जो उन्हें उद्योग में सफल बना सकें। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों को समझने, अपनी क्षमताओं में सुधार करने और प्रोफेशनल माहौल में स्वयं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करें।
बीबीए के विभागाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि वर्कशॉप के दौरान छात्रों को प्रभावी रिज़्यूमे बनाने, उन्हें एप्लिकेंट ट्रैकिंग सिस्टम (ATS) के अनुरूप तैयार करने और पेशेवर तरीके से प्रस्तुत करने की तकनीक बताई गई। वहीं गगन विरमानी ने विद्यार्थियों को सीखने की निरंतरता बनाए रखने, स्वयं पर विश्वास रखने और हर अवसर का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। गगन विरमानी ने छात्रों को ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू पर विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने छात्रों को आवश्यक सॉफ्ट स्किल्स, क्रिटिकल थिंकिंग और आत्मविश्वास विकसित करने के महत्व पर जोर दिया, जिससे वे भर्ती प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्रों के लिए मॉक इंटरव्यू का भी आयोजन किया गया। संस्थान द्वारा आयोजित इंडस्ट्री रेडी वर्कशॉप का सफल आयोजन प्रो. यतिका रस्तोगी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।