आरडब्ल्यूए द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर त्वरित और ठोस कार्रवाई की जाए: के के जैन


नोएडा (अमन इंडिया ) । फोनरवा ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि आरडब्ल्यूए द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर त्वरित और ठोस कार्रवाई की जाए।

फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि लगभग तीन महीने पूर्व नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों के साथ हुई बैठक में आरडब्ल्यूए द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की स्थिति की समीक्षा हेतु सभी सर्किलों में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में सर्किल प्रभारियों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार अधिकांश विकास कार्यों के प्रस्ताव अनुमोदन हेतु संबंधित प्राधिकारियों को प्रेषित किए जा चुके हैं।


उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने अपने प्रस्तावों की स्थिति जानकर आंशिक संतोष व्यक्त किया, वहीं दूसरी ओर अनुमोदन एवं कार्यवाही की धीमी गति पर गहरी निराशा भी व्यक्त की। अनेक प्रस्ताव लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिसके कारण आवंटित बजट एवं वित्तीय संसाधनों का समुचित उपयोग नोएडा प्राधिकरण द्वारा नहीं हो पा रहा है। इससे न केवल नोएडा के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

फोनरवा महासचिव के.के. जैन ने कहा कि निवासियों के व्यापक हित और नोएडा के समग्र विकास को देखते हुए प्रस्तावित परियोजनाओं के शीघ्र कार्यान्वयन हेतु कार्यवाही में गति लाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी से आग्रह किया कि लंबित प्रस्तावों का अनुमोदन समयबद्ध रूप से प्रदान किया जाए और जिन प्रस्तावों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन पर तुरंत कार्य शुरू किया जाए।

उन्होंने यह भी निवेदन किया कि इन कार्यों की प्रगति की जानकारी समय-समय पर संबंधित आरडब्ल्यूए को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और विकास कार्यों को गति मिल सके।