यमुना प्राधिकरण ने अवैध कब्ज़ों के खिलाफ अभियान चलाकर करोड़ो की जमीन मुक्त कराई

 ग्रेटर नोएडा/गौतम बुद्ध नगर (अमन इंडिया ) । यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अवैध कब्ज़ों के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझर और ककोड़ गांव (जनपद बुलंदशहर) में विकास माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों और ज़िलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के मार्गदर्शन में विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में करीब 250 बीघा अधिसूचित भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराया गया, जिसकी बाजारू क़ीमत लगभग 2500 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

अभियान के दौरान ऐरोनेस्ट कॉलोनाइजर (झाझर), राधा गौरी एनक्लेव (ककोड़) और रुद्र प्रॉपर्टीज (ककोड़) जैसी अवैध कॉलोनियों को जमींदोज कर दिया गया। प्राधिकरण ने साफ किया कि ऐसे अवैध अतिक्रमण और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

सीईओ राकेश कुमार सिंह ने आम जनता को चेतावनी दी कि भोले-भाले खरीदार ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों और कॉलोनाइजर्स से सावधान रहें, जो अधिसूचित क्षेत्र की भूमि पर अवैध कॉलोनियां काटकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के डिप्टी कलेक्टर शिवअवतार सिंह, विशेष कार्याधिकारी अजय कुमार शर्मा, अभिषेक शाही, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी समेत बुलंदशहर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, साथ ही प्राधिकरण के परियोजना और भूलेख विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।