इस्कॉन भगवान जगन्नाथ स्नान यात्रा महोत्सव मनाएगा

नोएडा (अमन इंडिया । इस्कॉन नोएडा में शनिवार 22 जून को श्री श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा का स्नान यात्रा उत्सव मनाया जाएगा। पुरी में ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा के दिन 'स्नान पूर्णिमा' या 'स्नान यात्रा' के नाम से एक भव्य उत्सव मनाया जाता है। यह एक विशेष अवसर होता है, जब भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा को अभिषेक समारोह में स्नान कराया जाता है। शास्त्रों में कहा गया है कि इस दिन भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने से हमारे पूर्व कर्मों के सभी पाप धुल जाते हैं। इसीलिए पूरे विश्व भर से हज़ारों भक्त इस पवित्र उत्सव को देखने के लिए पुरी आते हैं। इसी उत्सव की अनुकृति के रूप में प्रति वर्ष इस्कॉन नोएडा में भगवान श्री श्री जगन्नाथ बलदेव सुभद्रा को स्नान (पञ्चगव्य अभिषेक) कराया जाता है। इस अवसर पर प्रातः 10:30 बजे से भव्य स्नान यात्रा उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें कीर्तन, प्रवचन, भगवान का पञ्चगव्य अभिषेक किया जाएगा। भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। स्नान के पश्चात भगवान वर्ष में केवल एक बार गज वेश में दर्शन देते हैं। भगवान जगन्नाथ और भगवान बलराम को हाथी की सूँड और दाँतों से सुसज्जित अलंकृत पोशाक पहनाई जाती है। देवी सुभद्रा एक सुन्दर कमल के पुष्प का रूप धारण करती हैं। उत्सव के अन्त में सभी भक्तों को भरपेट प्रसाद परोसा जाएगा। इस उत्सव में लगभग 1500 भक्तों के भाग लेने की आशा है।