उप श्रम आयुक्त ने की शॉपिंग मॉल के अधिकारियों एवं आई.आई.ए. संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक


 गौतम बुद्ध नगर (अमन इंडिया)। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उप श्रम आयुक्त ने की शॉपिंग मॉल के अधिकारियों एवं आई.आई.ए. संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  की मंशा के अनुरूप पूरे प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सुहास एल.वाई. के नेतृत्व में अधिकारियों के द्वारा निरंतर स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में आज उप श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर धर्मेंद्र कुमार सिंह के द्वारा जनपद गौतमबुद्धनगर में स्थित शापिंग माल के अधिकारियों एवं आई०आई०ए० संगठन के पदाधिकारियों के साथ वृहद बैठक की गई।आयोजित बैठक में अभिषेक पंग्रति मोदी माल, विकास कुमार लोजिक्स माल, अभिजीत चौधरी देव माल, सैय्यद शमीम जी०आई०पी० माल एवं गार्डन गैलेरिया सिबली खान एवं सुरिन्द्र सिंह माल आफ इण्डिया की ओर से उपस्थित हुए। धर्मेन्द्र कुमार सिंह, उप श्रम आयुक्त, गौतमबुद्धनगर द्वारा समस्त शापिंग माल के उपस्थित पदाधिकारियों का श्रम कार्यालय में स्वागत करते हुए आजादी के अमृत महोत्सव को हर्षोउल्लास के साथ मनाये जाने के लिए प्रेरित किया गया।* डी०एल०एफ० माल के उपस्थित पदाधिकारी द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव पर डी०एल०एफ० माल आफ इण्डिया सेक्टर-18, नोएडा में की जाने वाली कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए, उसका प्रदर्शन किया तथा उक्त उत्सव को पूर्ण उल्लास एवं सावधानी के साथ मनाने की बात कही गई।*

उप श्रम आयुक्त द्वारा अन्य उपस्थित माल के पदाधिकारियों से भी आजादी के अमृत महोत्सव / आजादी के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर देश प्रेम को प्रदर्शित करते हुए एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाये जाने की प्रेरणा दी गई। गार्डन गैलेरिया माल के उपस्थित प्रतिनिधि द्वारा भी बताया गया कि उनके प्रतिष्ठान स्तर पर भी आजादी के अमृत महोत्सव को बड़े पैमाने पर मनाने की कार्ययोजना बनायी गयी है। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को उप श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर द्वारा श्रम कानूनों के बारे में जानकारी देते हुए उनका पालन करने की भी सलाह दी गई। साथ ही प्रतिष्ठान में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों को श्रम सुविधाएं देते हुए उनसे शासन की मंशा के अनुरूप कार्य लिये जाने का परामर्श दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों से उप श्रम आयुक्त द्वारा अपील की गई कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने के लिए अपने-अपने प्रतिष्ठान स्तर पर तिरंगा फहराते हुए प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मचारियों को तिरंगा झण्डा फहराये जाने के लिए जागरूकता के माध्यम से प्रेरित करें। साथ ही प्रतिष्ठान में कार्यरत श्रमिकों को इस के लिए भी जागरूक किया जाए कि वह अपने घरों एवं घरों के आस-पास के आवासीय क्षेत्र में तिरंगा झण्डा फहराये, जिससे आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रम को वृहद स्तर पर सफल बनाया जा सके। अन्त में उप श्रम आयुक्त, गौतमबुद्धनगर धर्मेन्द्र कुमार सिंह द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्त की गई।