महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट द्वारा आयोजित महायज्ञ का शुभारंभ

 श्री विष्णु सर्व अद्भुत शांति महायज्ञ में जुटे देश भर से प्रकांड विद्वान

- महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट द्वारा आयोजित महायज्ञ विधि विधान से प्रारंभ

- यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर सम्मिलित हुए जगद्गुरु शंकराचार्य श्री स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती  महाराज,  जितेंद्र नाथ  महाराज, अंजनगांव, सुरजी, नागपुर, महंत मिथिलेश नाथ योगी, देवीपाटन

- नोएडा सेक्टर 110 स्थित महर्षि वैदिक परिसर गेट नम्बर 8 में 27 नवम्बर तक चलेगा आयोजन

नोएडा (अमन इंडिया)। राष्ट्र की शांति, समृद्धि एवं विकास के संकल्प के साथ 'श्री विष्णु सर्व अद्भुत शांति महायज्ञ' नोएडा के सेक्टर 110 स्थित महर्षि वैदिक परिसर गेट नम्बर 8 में प्रारंभ हो गया। बुधवार सुबह पुरोहितगणों ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया। महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट द्वारा आयोजित महायज्ञ


की अध्यक्षता जगद्गुरु शंकराचार्य श्री स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज ने की। उनके सानिध्य में समस्त कार्यक्रम संचालित हुए।

महायज्ञ के तीन मुख्य अतिथि महंत मिथिलेश नाथ योगी, देवीपाटन, भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और भाजपा से नोएडा के विधायक श्री पंकज सिंह ने यज्ञ में सम्मिलित होकर आहूतियां डालीं, गोपूजन किया। साथ ही 27 नवम्बर तक यज्ञ के सफलतापूर्वक संचालन का संकल्प भी लिया। इन्हीं मुख्य अतिथियों की देखरेख में आने वाले दिनों में यज्ञ सम्पन्न होगा। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारी श्री राहुल भारद्वाज ने यज्ञ परिसर में महंत मिथिलेश नाथ योगी सहित डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और श्री पंकज सिंह का सम्मान भी किया।यज्ञ में श्री जितेंद्र नाथ जी महाराज, अंजनगांव, सुरजी, नागपुर भी सम्मिलित हुए।

यज्ञ में पहले दिन 1008 से अधिक आहूतियां आचार्य, विद्वान, प्रकांड पंडितों और पुरोहितगणों ने डालीं। गणपति पूजा, गोपूजा, स्वस्तिवाचन, रक्षासूत्र धारण, मातृका पूजन, महासंकल्प आदि प्रक्रियाओं के साथ यज्ञ प्रारम्भ हुआ।

आचार्य मनु भट्ट और आचार्य सतीश भट्ट सहित अन्य पुरोहितगणों ने मानव कल्याण के लिए देवताओं का आह्वान किया। 27 नवम्बर तक चलने वाले महायज्ञ के लिए देशभर से पुरोहितगण यज्ञशाला पहुंचे हैं। 100 कलशों में गंगाजल भरकर यज्ञशाला परिसर को सुशोभित किया गया है। साढ़े चार फिट का प्रदान हवन कुंड तैयार किया गया है। महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 9. 30 बजे से दोपहर एक बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक दो चरणों में चल रहा है।

श्री विष्णु सर्व अद्भुत शांति महायज्ञ' के आयोजक और महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि यह दिव्य महायज्ञ ब्रह्मलीन परमपूज्य महर्षि महेश योगी के दैवीय निर्देशन तथा उनकी प्रेरणा से सृष्टि के पालनकर्ता भगवान श्री विष्णु की अनुकम्पा प्राप्त करने और जनकल्याण के लिए किया जा रहा है।


चित्र परिचय- 

- नोएडा के महर्षि नगर स्थित महर्षि वैदिक परिसर में 'श्री विष्णु सर्व अद्भुत शांति महायज्ञ' में जगद्गुरु शंकराचार्य श्री स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज और श्री जितेंद्र नाथ जी महाराज, अंजनगांव, सुरजी, नागपुर। (बाएं से दाएं)

- यज्ञ में सम्मिलित राज्य सभा सांसद और भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और नोएडा से विधायक श्री पंकज सिंह।

- यज्ञ में पुरोहितगणों ने विधिवत पूजन करवाया और आहूतियां डालीं