मुरादाबाद (अमन इंडिया ) । आयोजित हुई उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक में मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (MHEA) की ओर से अध्यक्ष नवेद उर रहमान साहब, जनरल सेक्रेटरी अवधेश अग्रवाल एवं पैट्रन जनाब नजमुल इस्लाम साहब उपस्थित रहे। बैठक में उद्योग जगत से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा गया।
मुख्य रूप से ईएसआई अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं उद्योग कर्मचारियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर चर्चा हुई। इसके साथ ही लगातार हो रही GST चेकिंग से व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया, ताकि अनावश्यक उत्पीड़न बंद हो और उद्योगों को सुचारु रूप से कार्य करने का वातावरण मिल सके।
ट्रैफिक पुलिस की बार-बार होने वाली चेकिंग एवं माल वाहनों की आवाजाही में आने वाली दिक्कतों पर भी चिंता व्यक्त की गई, क्योंकि इससे व्यापार एवं निर्यात कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा शहर एवं इंडस्ट्रियल क्षेत्रों में बार-बार हो रही बिजली ट्रिपिंग की समस्या को भी गंभीरता से रखा गया, जिससे उत्पादन कार्य बाधित होता है और उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
बैठक में बढ़ते प्रदूषण (Pollution) की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उद्योगों ने यह मांग रखी कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए व्यावहारिक एवं संतुलित नीति बनाई जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण भी हो और उद्योगों का संचालन भी प्रभावित न हो।
MHEA प्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि उद्योगों से संबंधित इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि मुरादाबाद का निर्यात उद्योग और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ सके।