यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण क्षेत्र (यीडा) के सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी का निर्माण जनवरी 2022 में शुरू होगा

 फिल्म सिटी के निर्माण पर 6 हजार करोड़ होंगे व्यय

-निर्माणकर्ता कंपनी चयन के बाद जनवरी से निर्माण कार्य शुरू

ग्रेटर नोएडा (अमन इंडिया अकरम चौधरी)। यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण क्षेत्र (यीडा) के सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी का निर्माण जनवरी 2022 में शुरू होने की संभावना है। करीब 1,000 एकड़ में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर तीन चरणों में फिल्म सिटी को विकसित करने की योजना है। फिल्म सिटी को विकसित करने में करीब 6 हजार करोड़ से अधिक खर्च होने की संभावना है। फिल्म सिटी के डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर उत्तर प्रदेश शासन ने अपनी मुहर लगा दी है। आशा है कि डीपीआर बनाने वाली कंपनी 3-4 सप्ताह में निविदा प्रपत्र तैयार कर देगी। इसके बाद वैश्विक निविदा निकाली जाएगी। दिसंबर तक फिल्म सिटी विकास करने वाली कंपनी का चयन करने के बाद जनवरी में निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।

 यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह ने बताया कि फिल्म सिटी की डीपीआर पर शासन की मुहर लग चुकी है। डीपीआर बनाने वाली कंपनी 3 सप्ताह में निविदा प्रपत्र तैयार करेगी। इसके बाद वैश्विक निविदा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि वर्ष 2022 के पहले माह में ही फिल्म सिटी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 120 एकड़ में एम्यूजमेंट पार्क, 20-20 एकड़ में फिल्म स्टूडियो बनेंगे। पहले चरण के 80 फीसदी हिस्से में केवल फिल्म से जुड़े निर्माण कार्य किए जाएंगे। पहला चरण पूरा होते ही फिल्म की शूटिंग की जा सकेगी। पहला चरण 2023- 24 में पूरा करने का लक्ष्य है।