फेलिक्स हॉस्पिटल की गाइनोकोलॉजिस्ट डॉ. सुप्रिया आहूजा ने विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस डे पर बताई जरूरी बातें


समय से पहले जन्मे शिशुओं को विशेष देखभाल की जरूरत, सही समय इलाज से बच सकती है जान


-गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले जन्म लेने वाले बच्चे प्री-मैच्योर कहलाते हैं, संक्रमण और सांस संबंधी परेशानी का रहता है खतरा


-गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और बेहतर देखभाल से कम किया जा सकता है जोखिम


नोएडा (अमन इंडिया)। गर्भावस्था के नौ महीने पूरे होने से पहले बच्चे का जन्म होना प्री-मैच्योरिटी या समयपूर्व जन्म कहलाता है। ऐसे बच्चों का शारीरिक विकास पूरी तरह नहीं हो पाता, जिसके कारण उन्हें जन्म के बाद विशेष देखभाल और उपचार की आवश्यकता हो सकती है। कई मामलों में समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों को सांस लेने में परेशानी, शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में कठिनाई, संक्रमण और कम वजन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हालांकि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) और समय पर उपचार की मदद से ऐसे बच्चों को स्वस्थ जीवन दिया जा सकता है। यह बातें फेलिक्स हॉस्पिटल की गाइनोकोलॉजिस्ट डॉ. सुप्रिया आहूजा ने  विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस डे पर कहीं।

उन्होंने बताया कि प्री-मैच्योरिटी के प्रति जागरूकता और गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। समय से पहले प्रसव के संभावित कारणों की पहचान कर उचित चिकित्सकीय देखभाल की जाए तो कई मामलों में जोखिम को कम किया जा सकता है।

सामान्य गर्भावस्था लगभग 40 सप्ताह की होती है। यदि बच्चे का जन्म गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले हो जाता है तो उसे प्री-मैच्योर या समयपूर्व जन्म कहा जाता है। ऐसे बच्चों के कई अंग, विशेषकर फेफड़े, मस्तिष्क और पाचन तंत्र पूरी तरह विकसित नहीं हुए होते हैं। जितने कम सप्ताह में बच्चे का जन्म होता है, उसे स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का खतरा उतना ही अधिक हो सकता है। हालांकि हर समयपूर्व जन्मे बच्चे में गंभीर समस्या हो, यह जरूरी नहीं है। समयपूर्व जन्म को गर्भावस्था की अवधि के आधार पर तीन प्रमुख श्रेणियों में बांटा जाता है। 32 से 36 सप्ताह के बीच जन्म लेने वाले बच्चे मध्यम से देर से समयपूर्व जन्म की श्रेणी में आते हैं। 28 से 32 सप्ताह के बीच जन्म लेने वाले बच्चे बहुत समयपूर्व और 28 सप्ताह से पहले जन्म लेने वाले बच्चे अत्यंत समयपूर्व कहलाते हैं। अत्यंत समयपूर्व जन्मे बच्चों को अधिक गहन चिकित्सा और लंबे समय तक निगरानी की जरूरत पड़ सकती है।


यह होते हैं समयपूर्व जन्म के कारण प्री-मैच्योर डिलीवरी के कई कारण होते हैं। गर्भवती महिला को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया या संक्रमण होना, गर्भाशय अथवा गर्भाशय ग्रीवा से जुड़ी समस्या, जुड़वां या एक से अधिक बच्चों का गर्भ होना और पहले समयपूर्व प्रसव का इतिहास इसके जोखिम को बढ़ा सकता है। इसके अलावा धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, गर्भावस्था में पर्याप्त पोषण नहीं मिलना और मां का अत्यधिक शारीरिक या स्वास्थ्य संबंधी तनाव भी जोखिम बढ़ा सकता है। कई बार सभी जांच सामान्य होने के बावजूद समयपूर्व प्रसव हो जाता है और इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाता।


जन्म के बाद इन समस्याओं का रहता है खतरा समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों के फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं होने के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी होती है। इसके अलावा शरीर का तापमान बनाए रखने, दूध पीने और पचाने में कठिनाई, रक्त में शुगर की कमी, पीलिया और संक्रमण का खतरा रहता है। बहुत कम सप्ताह में जन्मे बच्चों में मस्तिष्क, आंखों और आंतों से संबंधित जटिलताएं भी होती हैं। ऐसे बच्चों की स्थिति के अनुसार चिकित्सक विशेष जांच और निगरानी करते हैं।


इलाज और देखभाल का तरीका प्री-मैच्योर बच्चों का उपचार उनकी गर्भावस्था की अवधि, जन्म के समय वजन और स्वास्थ्य की स्थिति पर निर्भर करता है। जरूरत पड़ने पर बच्चे को एनआईसीयू में रखा जाता है। सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन, सी-पैप या वेंटिलेटर की सहायता दी जाती है। फेफड़ों के विकास में मदद के लिए चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार सर्फेक्टेंट दिया जाता है। शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए विशेष इनक्यूबेटर का इस्तेमाल किया जाता है। बच्चे को मां का दूध देना बेहद फायदेमंद होता है। यदि बच्चा सीधे स्तनपान नहीं कर पाता तो मां का निकाला हुआ दूध नली के माध्यम से दिया जा सकता है। जरूरत के अनुसार पोषण और तरल पदार्थ भी दिए जाते हैं। संक्रमण से बचाव, वजन की निगरानी, आंखों और सुनने की क्षमता की जांच भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चिकित्सकीय स्थिति स्थिर होने पर कंगारू मदर केयर यानी बच्चे को मां या पिता के सीने से त्वचा के संपर्क में रखना लाभकारी होता है।


ऐसे कर सकते हैं समयपूर्व जन्म से बचाव गर्भधारण से पहले और गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। गर्भवती महिला नियमित रूप से स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच कराए। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया और संक्रमण का समय पर उपचार कराए। संतुलित और पौष्टिक भोजन ले, चिकित्सक की सलाह से आयरन और फोलिक एसिड का सेवन करे। तंबाकू, धूम्रपान और शराब से पूरी तरह दूर रहे। गर्भावस्था के दौरान किसी भी तरह की दवा चिकित्सकीय सलाह के बिना न लें। पेट में तेज दर्द, नियमित अंतराल पर संकुचन, योनि से पानी या रक्तस्राव और श्रोणि क्षेत्र में लगातार दबाव महसूस होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए। जिन महिलाओं में समयपूर्व प्रसव का अधिक जोखिम है, उन्हें विशेषज्ञ की निगरानी में रखना जरूरी है। कुछ विशेष परिस्थितियों में चिकित्सक समय से पहले प्रसव का खतरा कम करने के लिए प्रोजेस्टेरोन, गर्भाशय ग्रीवा की लंबाई की निगरानी या अन्य उपचार की सलाह देते हैं। समय पर पहचान, सही उपचार और परिवार की जागरूकता से मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर सुरक्षा की जा सकती है।