*महर्षि नगर की रामलीला में गूंजा जय श्रीराम, लंका दहन के दृश्य ने बांधा समां
*शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मिलन और बाली वध का हुआ भावपूर्ण मंचन, रामभक्त हनुमान की वीरता ने जीता दर्शकों का दिल
नोएडा (अमन इंडिया) । शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नोएडा के सेक्टर-110 स्थित महर्षि नगर में आयोजित दुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला महोत्सव में शुक्रवार को रामभक्ति, वीरता और धर्म की विजय के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला में शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मिलन, बाली वध, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन का प्रभावशाली मंचन किया गया। विशेष रूप से लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों में उत्साह भर दिया और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
ए के लाल मीडिया प्रभारी ने बताया कि मुख्यअतिथि गौतम बुध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा आर चौधरी तेज सिंह रामलीला के प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम की करुणा, मित्रता के महत्व और भक्त हनुमान की अद्भुत शक्ति एवं समर्पण को दर्शाया गया। शबरी प्रसंग ने भक्ति और प्रेम का संदेश दिया, जबकि राम-सुग्रीव मिलन तथा बाली वध के दृश्यों ने धर्म, न्याय और मित्रता के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, रावण की सभा में हनुमान जी के निर्भीक संवाद और लंका दहन के मंचन ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, वेद पाठ, भजन-कीर्तन, प्रवचन और आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह के वैदिक अनुष्ठानों से लेकर शाम के भक्ति संगीत तक, महर्षि नगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन कार्यक्रमों में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, दुर्गा पूजा, विजयादशमी एवं श्रीरामलीला महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को सत्य, त्याग, कर्तव्य, मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों की सीख देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष एवं महर्षि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्रीमान अजय प्रकाश श्रीवास्तव तथा श्री राहुल भारद्वाज, श्री राम श्रीवास्तव,श्री लक्ष्मण श्रीवास्तव
श्री के के श्रीवास्तव एवं श्री संदीप श्रीवास्तव जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।श्री दुर्गा पूजा ,विजया दशमी एवं श्री रामलीला महोत्सव के संयोजक रामेंद्र सचान, शिशिर श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, विनीत श्रीवास्तव, के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।