साथ ही भारत से तनाव कम करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया
नई दिल्ली (अमन इंडिया)। जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने ईरान के खिलाफ़ अमेरिका के नए सैन्य हमलों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इसे नाज़ुक कूटनीतिक प्रक्रिया के लिए एक बड़ी बाधा और पश्चिम एशिया में शांति व स्थिरता के लिए संकट पैदा करने वाला खतरनाक घटनाक्रम बताया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष-विराम समझौते और बातचीत शुरू होने से दुनिया भर के लोगों में एक नई उम्मीद जगी थी कि यह क्षेत्र संघर्ष से हटकर शांतिपूर्ण समाधान की ओर बढ़ रहा है। हालिया सैन्य कार्रवाई ने उन उम्मीदों को तोड़ा है, कूटनीति में भरोसे को कम किया है और इलाके में बड़े टकराव का खतरा बढ़ा दिया है। उन्होंने सभी पक्षों से ज़्यादा से ज़्यादा संयम बरतने का आग्रह किया और भारत सरकार से बातचीत को बढ़ावा देने, तनाव को और बढ़ने से रोकने तथा न्यायपूर्ण, व्यापक और स्थायी शांति में योगदान देने के लिए ज़्यादा सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
मीडिया को जारी एक बयान में जमाअत के अध्यक्ष ने कहा कि ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका के नए सैन्य हमलों ने उस कूटनीतिक प्रक्रिया को गंभीर झटका दिया है, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदें जगी थीं। उन्होंने अवलोकन किया कि युद्धविराम की घोषणा और बातचीत शुरू होने के तुरंत बाद हुए अमेरिकी हमलों से ऐसा लगा मानो युद्धविराम की भावना को नज़रअंदाज़ किया गया हो और शांतिपूर्ण समाधान की संभावनाओं को कमज़ोर किया गया हो। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब कूटनीति से प्रगति हो रही थी, एकतरफा सैन्य कार्रवाई का सहारा लेने से अंतरराष्ट्रीय कानून और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के स्थापित नियमों के सम्मान को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुईं। ऐसे कदमों से कोई स्थायी समाधान निकलने की संभावना कम हुई हैं, बल्कि इनसे अविश्वास और गहरा हुआ है, बातचीत में कठोरता आयी है, और यह इलाका टकराव और अस्थिरता के एक और लंबे दौर की ओर बढ़ गया है।
सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने आगे कहा कि सैन्य ताकत, प्रतिबंधों और आर्थिक दबाव के ज़रिए ईरान पर दबाव बनाने की बार-बार की गई कोशिशें कोई स्थायी राजनीतिक समाधान निकालने में नाकाम रही हैं। इसके बजाय, इन कोशिशों से इलाके में अस्थिरता बढ़ी है और बड़े टकराव का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को बिना किसी संदेह के अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना चाहिए, एकतरफ़ा बल प्रयोग को हतोत्साहित करना चाहिए, सभी पक्षों द्वारा युद्धविराम समझौतों और कूटनीतिक वादों का सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए, और आपसी सम्मान तथा सभी संबंधित पक्षों की जायज़ सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सार्थक बातचीत का सक्रिय रूप से समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में स्थायी शांति सैन्य अभियानों या ज़बरदस्ती की राजनीति से नहीं, बल्कि बातचीत, विश्वास बढ़ाने वाले उपायों, न्याय और अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन से ही हासिल की जा सकती है।
जमाअत के अध्यक्ष ने कहा कि फिर से शुरू हुई दुश्मनी के नतीजे ईरान और अमेरिका से कहीं आगे तक जाते हैं। होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz)—जिससे दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा गुज़रता है—में किसी भी तरह की रुकावट का ग्लोबल तेल की कीमतों, महंगाई, शिपिंग की लागत और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर तत्काल असर पड़ेगा। भारत जैसे विकासशील देश खास तौर पर जोखिम में हैं क्योंकि वे आयातित ऊर्जा पर निर्भर हैं और इसका असर ईंधन की कीमतों, खाने-पीने की चीज़ों की महंगाई, औद्योगिक उत्पादन और आर्थिक विकास पर पड़ता है। बढ़ते तनाव से बड़े पैमाने पर मानवीय संकट, आम नागरिकों के विस्थापन और पहले से ही अस्थिर इलाके के और ज़्यादा अस्थिर होने का गंभीर खतरा भी पैदा होता है। इसी वजह से, पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता सिर्फ़ क्षेत्रीय चिंताएं नहीं हैं, बल्कि वैश्विक आर्थिक महत्व के मामले भी हैं। उन्होंने भारत सरकार, जिसके इस क्षेत्र के सभी प्रमुख पक्षों के साथ लंबे समय से संबंध हैं, से आग्रह किया कि वह बातचीत का समर्थन करने, सभी पक्षों को संयम बरतने के लिए प्रोत्साहित करने, तनाव को और बढ़ने से रोकने तथा एक न्यायपूर्ण, व्यापक और स्थायी शांति स्थापित करने में अधिक सक्रिय और रचनात्मक कूटनीतिक भूमिका निभाए।