नोएडा (अमन इंडिया) । फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस (फोनरवा) द्वारा भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के सम्मान में सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नोएडा के विभिन्न सेक्टरों की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष, महासचिव, पदाधिकारी,विश्व जैन संगठन के पदाधिकारी व अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर नवाब सिंह नागर के स्वागत से हुआ। नई जिम्मेदारी ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर बी जे पी के महानगर अध्यक्ष महेश चौहान भी उपस्थित थे।
फोनरवा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि नवाब सिंह नागर एक अनुभवी एवं जनप्रिय नेता हैं, जिन्होंने लंबे समय तक जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया है। उन्हें भारतीय जनता पार्टी द्वारा पश्चिम उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपा जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जनहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।
फोनरवा के महासचिव श्री के. के. जैन ने कहा कि नवाब सिंह नागर से आग्रह किया कि वे नोएडा के नागरिकों की समस्याओं को राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने में सहयोग प्रदान करें।
अपने संबोधन में नवाब सिंह नागर ने फोनरवा द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नोएडा देश का एक महत्वपूर्ण एवं तेजी से विकसित होने वाला शहर है और यहाँ की नागरिक सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निवासी कल्याण समितियाँ (आरडब्ल्यूए) समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती हैं तथा उनके सुझाव शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि फोनरवा एवं विभिन्न आरडब्ल्यूए द्वारा उठाए गए जनहित के सभी विषयों को गंभीरता से संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे सदैव नागरिकों के साथ खड़े रहेंगे।